# मुरादाबाद

मुरादाबाद में करंट के झटके देकर तड़पाया, फिर दिया जहर, पत्नी ने छोटी बहन संग मिलकर पति को मार डाला

Moradabad News: मुरादाबाद में अवैध संबंधों में बाधक बनने पर पत्नी ने प्रेमी और बहन के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। जानिए इस दिल दहला देने वाली मर्डर मिस्ट्री का पूरा मामला।

2 min read
पत्नि आंचल और पति पवन कुमार

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों को तार-तार कर दिया है। यहां मझोला इलाके में एक पत्नी ने अपने प्यार के चक्कर में खौफनाक साजिश रच डाली। महिला का किसी और से चक्कर चल रहा था और जब पति इसमें रुकावट बना तो पत्नी ने खौफनाक रास्ता चुन लिया। महिला ने अपने प्रेमी, अपनी सगी बहन और उसके बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति को पहले करंट का झटका दिया और फिर जहर देकर मार डाला। इस पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पत्नी ने इसे खुदकुशी का रूप देने की कोशिश की। लेकिन पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में सच सामने आ गया।

मायके में रची गई थी हत्या की प्लानिंग

संभल की रहने वाली आंचल की शादी साल 2020 में पवन कुमार (30) के साथ हुई थी। पवन मुरादाबाद की एक एक्सपोर्ट फर्म में काम करता था और मझोला के कुन्दनपुर में अपनी पत्नी आंचल और 3 साल की बेटी के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि आंचल का अपने ही रिश्ते के एक भतीजे अंकित से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब पवन को इस बात की भनक लगी, तो उसने पत्नी को टोका शुरू कर दिया। बस यही विरोध पवन की जान का दुश्मन बन गया। आंचल ने करीब 15 दिन पहले अपने मायके में ही पवन को रास्ते से हटाने का प्लान तैयार कर लिया था।

फोन कर जाल में फंसाया, फिर किया वार

आंचल गुरुवार शाम को अपनी बहन शिखा के साथ मुरादाबाद लौटी। उस वक्त पवन अपनी बहन के घर गया हुआ था। आंचल ने फोन करके पवन को अपने घर बुला लिया। शुक्रवार सुबह पवन अपने काम पर गया और जब वह शाम को घर लौटा, तो चारों आरोपियों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। पवन को पहले करंट लगाया गया और फिर जहर देकर मौत के घाट उतार दिया।

एक तरफ थम रही थीं सांसें, दूसरी तरफ चल रहा था रोमांस

इस मामले में जो सबसे चौंकाने वाला और दिल दहला देने वाला पहलू सामने आया है, वो यह है कि जब पवन जहर और करंट से तड़प रहा था। उस वक्त भी उसकी पत्नी आंचल और साली शिखा अपने-अपने प्रेमियों के साथ उसी घर में रोमांस कर रही थी। जब पवन की मौत पक्की हो गई, तब आंचल ने खुदकुशी का नाटक रचा। उसने फोन कर ससुराल वालों को बताया कि पवन ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है।

बातों के हेर-फेर से खुला राज

जब पवन के घरवाले मौके पर पहुंचे, तो उन्हें आंचल और उसकी बहन की बातों पर शक हुआ। दोनों के बयान अलग-अलग थे। पड़ोसियों ने भी रात में दो लड़कों को घर से भागते हुए देखा था। घरवालों ने तुरंत पुलिस को बुलाया और शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हो गया कि पवन की मौत हत्या थी।
पुलिस ने जब आंचल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। इस पूरी घटना ने जहां एक हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया, वहीं एक मासूम बच्ची के सिर से पिता का साया भी हमेशा के लिए उठ गया।