# लखनऊ

UP में 21 CMO का तबादला, डॉक्टर विकास चंद्र को कन्नौज भेजा गया, जानें सभी अधिकारियों की नई पोस्टिंग

CMO Transfer: उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) के कार्यक्षेत्र में बड़ा बदलाव किया है। सरकार ने उन्नाव, कन्नौज, हाथरस, महोबा, अलीगढ़, सीतापुर सहित 21 जिलों के CMO का तबादला कर दिया है।

2 min read
CM योगी आदित्यनाथ (File Photo- Patrika)

CMOTransfer: उत्तर प्रदेश शासन ने 21 मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के कार्य क्षेत्र में परिवर्तन किया है। इसमें उन्नाव, कन्नौज, सीतापुर, हाथरस, महोबा, अलीगढ़, बनारस, सोनभद्र, बाराबंकी, फतेहपुर, हमीरपुर, हापुड़, जौनपुर, मऊ, अंबेडकर नगर, पीलीभीत, अमरोहा, गाजियाबाद सहित अन्य जिले शामिल हैं। उन्नाव के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सत्य प्रकाश को महानिदेशालय लखनऊ में संयुक्त निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं के पद पर भेजा गया है उनकी जगह लखनऊ सिविल अस्पताल से डॉक्टर अजय कुमार शर्मा को जिम्मेदारी दी गई है।

उन्नाव से दो CMO का ट्रांसफर

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी के कार्यक्षेत्र में बड़ा बदलाव किया है। उन्नाव के CMO डॉक्टर सत्य प्रकाश का स्थानांतरण लखनऊ किया गया है। डॉक्टर सत्य प्रकाश 4 साल से अधिक समय से उन्नाव में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनके स्थानांतरण की चर्चा जोरों पर थी। उनकी जगह डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल हॉस्पिटल लखनऊ से डॉक्टर अजय कुमार शर्मा को स्थानांतरित किया गया है। इसी क्रम में उन्नाव के अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर हरिनंदन को जालौन का मुख्य चिकित्सा अधिकारी बनाया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सूत्रों के अनुसार देर रात तक बाबू के भी स्थानांतरण की सूची जारी हो सकती है।

इनका भी हुआ तबादला

स्थानांतरित होने वाले सीएमओ में डॉक्टर प्रमोद कुमार को अंबेडकर नगर, डॉक्टर मुकेश कुमार को बनारसी, डॉक्टर सचिन चंद्र वैश्य को गाजियाबाद, डॉ रमेश कुमार मिश्रा को सोनभद्र, डॉक्टर रंजन गौतम को बाराबंकी, डॉक्टर अभय नारायण राय को बलिया, डॉक्टर अलका शुक्ला को हमीरपुर, डॉक्टर उदयभान सिंह को फतेहपुर भेजा गया है।

डॉक्टर किशोर कुमार आहूजा को हापुड़ भेजा गया

इसी क्रम में डॉक्टर किशोर कुमार आहूजा को हापुड़ का मुख्य चिकित्सा अधिकारी बनाया गया है जबकि डॉक्टर गंगाराम गौतम को जौनपुर, डॉक्टर पंकज कुमार को मऊ, डॉक्टर भुवन चंद्र पंत को पीलीभीत, डॉ रमाकांत सागर को अमरोहा का मुख्य चिकित्सा अधिकारी बनाया गया है।

डॉक्टर रामनाथ सिंह को अलीगढ़ भेजा गया

जबकि डॉक्टर रामनाथ सिंह को अलीगढ़, डॉक्टर विकास चंद्र को कन्नौज, डॉक्टर विनय कुमार को महोबा, डॉक्टर वेद प्रकाश को हाथरस और डॉक्टर सुखरंजन समदर को सीतापुर का मुख्य चिकित्सा अधिकारी बनाया गया है। डॉक्टर नीरज त्यागी को जेडी के पद पर आगरा भेजा गया है।