उत्तर प्रदेश पुलिस (Uttar Pradesh Police) को लंबे इंतजार के बाद स्थाई मुखिया मिल गया है। योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) सरकार ने सूचना जारी करके इसकी जानकारी दी है। कौन हैं यूपी के पूर्णकालिक DGP, आइए जानते हैं…
उत्तर प्रदेश पुलिस (Uttar Pradesh Police) को 4 साल के लंबे इंतजार के बाद स्थाई DGP (पुलिस महानिदेशक) मिल गया है। राजीव कृष्ण को उत्तर प्रदेश पुलिस का स्थाई DGP नियुक्त किया गया है। दरअसल, राजीव कृष्ण अभी तक कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक के पद पर सेवा दे रहे थे। अब उन्हें स्थाई पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है।
राजीव कृष्ण को स्थाई DGP नियुक्त करने के संबंध में ACS संजय प्रसाद ने आदेश जारी किया है। UPSC की गाइडलाइन और सुप्रीम कोर्ट के नियमों के मुताबिक, राजीव कृष्ण कम से कम 2 साल तक यूपी के DGP रहेंगे। वे 1 जून 2025 से कार्यवाहक डीजीपी की कमान संभाल रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ सरकार ने उत्तर प्रदेश के परमानेंट DGP की नियुक्ति के लिए लेकर संघ लोकसेवा आयोग (UPSC) को 19 IPS अधिकारियों के नाम प्रस्तावित किए थे। इस संबंध में 26 मई को दिल्ली में आयोग की बैठक हुई थी। UPSC की इस बैठक में यूपी के मुख्य सचिव एसपी गोयल और अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद भी शामिल हुए थे। बैठक में रेणुका मिश्रा, पीयूष आनंद और राजीव कृष्ण का नाम DGP के पैनल के लिए फाइनल किया गया था। इसके बाद आयोग ने तीनों के नाम उत्तर प्रदेश सरकार को भेजे थे। सरकार ने आज पूर्णकालिक पुलिस महानिदेशक की घोषणा कर दी है।
UP से स्थाई पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण 1991 बैच के IPS अधिकारी हैं। वह मूलरूप से नोएडा के रहने वाले हैं। उनका जन्म 26 जून 1969 को हुआ था। राजीव कृष्ण के परिवार में कई बड़े अफसर हैं। उनकी पत्नी IRS अफसर हैं। मौजूदा समय में वह नोएडा में CBDT में डिप्टी सेक्रेटरी हैं।
1991 में IPS बनने के बाद राजीव कृष्ण की पहली तैनाती प्रशिक्षु के रूप में इलाहाबाद में हुई थी। इसके बाद राजीव कृष्ण बरेली, कानपुर एवं अलीगढ़ में ASP के तौर पर तैनात रहे। वह पहली बार 10 मार्च 1997 को फिरोजाबाद के SP बने थे। इसके बाद वह इटावा, मथुरा, फतेहगढ़, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, आगरा, लखनऊ, बरेली के SSP रहे। मायावती के शासनकाल में राजीव कृष्ण को लखनऊ का DIG रह चुके हैं।
राजीव कृष्ण ने मेरठ रेंज के IG के पद पर भी सेवा दी है। साल 2012 में वह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर चले गए। इसके बाद सितंबर 2017 में उनकी वापसी हुई। यूपी में वापसी के बाद राजीव कृष्ण पुलिस अकादमी मुरादाबाद में तैनात हुए थे। इसके बाद 5 फरवरी 2018 को इन्हें लखनऊ जोन का ADG बनाया गया था। राजीव कृष्ण आगरा जोन में भी ढाई साल तक ADG जोन रहे थे। इसके बाद वह कार्यवाहक डीजीपी बनाए गए थे।