# लखनऊ

योगी आदित्यानाथ का अंदाज: बोला ऐसा डॉयलॉग जो हुआ सुपरहिट, सपा को किया ‘बोल्ड’

CM Yogi Adityanath: यूपी में पहले बनते थे बम और कट्टे, अब बन रही ब्रह्मोस मिसाइल... सीएम योगी आदित्यनाथ के इस बयान के क्या हैं सियासी मायने? जानिए कैसे डिफेंस कॉरिडोर और कानून व्यवस्था को चुनावी मुद्दा बना रही बीजेपी।

2 min read
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ। PC: IANS

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) का अंदाज कमाल है। वह विपक्षी नेताओं पर तंज ऐसे कसते हैं कि शब्दों की मर्यादा भी बनी रहती है, और बात सीधे दिल पर जाकर लगती है। एक कार्यक्रम में पिछली सरकारों को निशाना बनाते हुए उन्होंने कहा कि पहले यूपी बम और 'कट्टा' बनाए जाते थे, जबकि अब राज्य में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। इससे रक्षा क्षेत्र में देश की आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल रहा है।

बदल रहा है उत्तर प्रदेश

योगी ने अपनी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि अब यूपी बदल चुका है। अब यहां कट्टे नहीं बनाए जाते, देश विकास के सपने बुने जाते हैं। हम ब्रह्मोस मिसाइल बना रहे हैं। कई तरह के ड्रोन बना रहे हैं। चाहे वे 'ड्रोन दीदी' द्वारा खेतों में केमिकल और खाद के छिड़काव के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले ड्रोन हों, या दुश्मन के हवाई अड्डों को निशाना बनाने के लिए डिज़ाइन किए गए ड्रोन। आज सभी उत्तर प्रदेश में बनाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पिछली सरकारों की मानसिकता 'कट्टा' और बम तक ही सीमित थी, इसलिए वे बम फेंकने में ही लगे रहे। हर क्षेत्र में स्थिति खराब होती गई, लेकिन अब उत्तर प्रदेश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।

डिफेंस कॉरिडोर ने दी पहचान

योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने बताया कि डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर ने राज्य को एक नई पहचान दी है, और यह डिफेंस सेक्टर में भारत को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान देने के लिए पूरी तरह से तैयार है। योगी ने एक तरह से यह साबित करने का प्रयास किया कि भाजपा से पहले उत्तर प्रदेश में जिस भी पार्टी ने राज किया, उसने विकास को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई। बल्कि उनका पूरा ध्यान यूपी को बम और कट्टे के निर्माण में आगे लेकर जाने तक ही सीमित रहा।

वो फिर आ गए तो...

बम और कट्टे की बात करके योगी (CM Yogi Adityanath) ने यह भी साफ कर दिया कि बीजेपी राज में अपराधियों के बुरे दिन चल रहे हैं। बम और कट्टा बनाना तो दूर अब इसकी बात करने वाले भी जेल भेजे जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इस चुनाव में भाजपा मजबूत कानून व्यवस्था और विकास के नाम पर वोट मांगेगी, क्योंकि पिछले कुछ सालों में दोनों ही मामलों में काफी काम हुआ है। योगी का ताजा बयान इसकी शुरुआत मानी जा सकती है। उनका यह कहना कि हमने बम और कट्टे के उत्पादन को पूरी तरह रोक दिया है, जनता को यह संदेश देना है कि भाजपा कानून व्यवस्था से समझौता नहीं करती। साथ ही इस बयान का एक संदेश यह भी है कि पुरानी पार्टियों को मौका देने का मतलब होगा यूपी को कट्टा राज में धकेलना।