# कोटा

रेकार्ड तोड़ नौतपा : 8 साल में मई का सबसे गर्म दिन, सीजन में पहली बार @ 46.4

रेड जोन में कोटा: कोटा का न्यूनतम तापमान भी 33.0 डिग्री सेल्सियस, प्रदेश में दूसरा शहर, मौसम विभाग ने कोटा को रेड जोन में शामिल करते हुए हीटवेव का अलर्ट जारी किया हुआ है।

less than 1 minute read
आसमान से बरस रही आग

रोहिणी नक्षत्र यानि नौतपा में हाड़ौती अंचल की धरा तवे सी तप रही है। भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। दुपहरी का आलम तो ऐसा कि व्यस्त रहने वाली सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा रहता है। कूलरों भी हांफने लगे हैं और पंखे तो चालू करते ही आग उगल रहे हैं।

इस सीजन में पहली बार गुरुवार को अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले 2018 में भी 46.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रेकॉर्ड दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने कोटा को रेड जोन में शामिल करते हुए हीटवेव का अलर्ट जारी किया हुआ है।

खास बात यह रही कि बीते आठ वर्षों में मई माह का यह सबसे गर्म दिन रेकॉर्ड किया गया। दिन के साथ रात को भी चैन नहीं है। प्रदेश में संगरिया के बाद कोटा का न्यूनतम तापमान भी 33.0 डिग्री सेल्सियस रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय शहर की सड़कें सुनसान नजर आईं। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।

सुबह से ही गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया था। दोपहर तक लू का असर इतना बढ़ गया कि बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर आवाजाही कम हो गई। तेज धूप से बचने के लिए लोग सिर और चेहरे को कपड़ों से ढंककर निकलते दिखाई दिए। उमस के कारण हालात यह हो गए कि लोग पसीने से तरबतर रहे। लू के कारण शरीर जलने लग गया। रात तक लू का असर रहने से चैन नहीं है।

मौसम विभाग के अनुसार 29 मई को भी लू और अत्यधिक गर्मी (उष्ण लहर) का 'रेड' जारी किया हुआ है। 30 मई से नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से आंधी-बारिश का दौर चलेगा।