# कोटा

Rajasthan Bus Accident: कोटा में NH-52 पर पलटी 21 यात्रियों से भरी निजी बस, 3 लोग गंभीर घायल

Kota-Jhalawar NH-52 Bus Accident: कोटा-झालावाड़ नेशनल हाईवे-52 पर एक तेज रफ्तार निजी बस अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई जिसमें 21 यात्री सवार थे और 3 लोग गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

2 min read
हादसे की फोटो: पत्रिका

Private Bus Overturned: राजस्थान में आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। ये हादसा कोटा-झालावाड़ नेशनल हाईवे-52 पर ढेह कस्बे के निकट हुआ, जहां मोड़क थाना क्षेत्र के सहरावदा गांव के पास एक तेज रफ्तार निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा पलटी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार के बीच यात्रियों को बस से निकाला। बस में 20 से अधिक यात्री सवार थे जिनमें कई लोग घायल हो गए।

यात्रियों के अनुसार बस नागपुर से दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान सहरावदा बस स्टैंड के पास ओवरटेक करने के प्रयास में चालक ने बस पर नियंत्रण खो दिया और बस अनबैलेंस होकर पलट गई। बस सड़क किनारे खेत में जा गिरी जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

3 यात्री गंभीर घायल

हादसे की सूचना मिलते ही मोड़क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकाला। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीन यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें झालावाड़ रेफर कर दिया, जबकि चार से पांच यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।

हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और जाम जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराया। दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने के बाद हाईवे पर आवाजाही बहाल कर दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करना माना जा रहा है। अन्य यात्रियों को दूसरी बस में बैठाकर रवाना किया।

अप्रेल में भी हुआ था सड़क हादसा

इसी तरह का एक सड़क हादसा इसी साल अप्रेल महीने में भी कोटा क्षेत्र में सामने आया था जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया था। उस समय भी एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई थी जिसमें 3 लोगों की मौत हुई और कई यात्री घायल हो गए थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार से माहौल गूंज उठा। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। इस घटना के बाद भी कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था और लंबा जाम लग गया था। प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी थी।