# कानपुर

Kanpur News: घर पहुंचते ही बदल जाता था असली आईफोन, डिलीवरी बॉय और ग्राहकों का खेल आया सामने, मुकदमा दर्ज

mobile theft case:कानपुर के कल्याणपुर स्थित महिंद्रा लॉजिस्टिक्स में हाई वैल्यू शिपमेंट धोखाधड़ी का मामला सामने आया। डिलीवरी कर्मियों ने ग्राहकों के साथ मिलकर असली एप्पल मोबाइल बदलकर नकली सामान रखे। चार कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।

2 min read
सांकेतिक फोटो पत्रिका

Kanpur mobile replacement case: कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मुखर्जी नगर स्थित महिंद्रा लॉजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड में हाई वैल्यू शिपमेंट में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कंपनी प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने चार डिलीवरी कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि डिलीवरी कर्मी ग्राहकों से मिलकर महंगे मोबाइल और अन्य कीमती उत्पादों को नकली सामान से बदल रहे थे।

जांच में सामने आई संदिग्ध गतिविधियां

कंपनी के मैनेजर पवन सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी कंपनी एक होम डिलीवरी कंपनी की थर्ड पार्टी लॉजिस्टिक पार्टनर के रूप में काम करती है। कुछ दिनों से डिलीवरी कर्मी मंजीत, दिलीप, अनमोल और कुणाल की गतिविधियां संदिग्ध लग रही थीं। इसके बाद कंपनी स्तर पर जांच शुरू की गई।

सीरियल नंबर नहीं मिलने पर हुआ खुलासा

पवन सिंह के मुताबिक 25 मार्च को डिलीवरी कर्मी अनमोल एक पैकेट वापस करने के लिए कार्यालय पहुंचा था। शुरुआती जांच में उत्पाद का सीरियल नंबर सही मिला, लेकिन प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह कार्यालय से चला गया और वापस नहीं लौटा। इसके बाद चार अप्रैल को कुणाल और मंजीत कुछ शिपमेंट लेकर पहुंचे। जांच के दौरान पैकेट के सीरियल नंबर मेल नहीं खाए, जिससे अधिकारियों को गड़बड़ी की आशंका हुई।

असली एप्पल उत्पाद बदलकर रखे जाते थे नकली सामान

पूछताछ में मंजीत से मिली जानकारी के बाद पूरे मामले की परतें खुलने लगीं। अगले दिन दिलीप छह संदिग्ध शिपमेंट लेकर पहुंचा। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि ग्राहक और डिलीवरी कर्मी मिलकर यह धोखाधड़ी कर रहे थे। योजना के तहत ग्राहक शिपमेंट घर ले जाकर करीब 20 मिनट के भीतर असली एप्पल उत्पाद निकालकर उसकी जगह नकली उत्पाद रख देता था। नकली उत्पादों को इस तरह तैयार किया जाता था कि वे देखने में असली लगें और उनके सीरियल नंबर भी मिलाने की कोशिश की जाती थी।

हर शिपमेंट पर मिलते थे तीन हजार रुपये

जांच में यह भी सामने आया कि प्रत्येक शिपमेंट के बदले डिलीवरी कर्मियों को करीब तीन हजार रुपये दिए जाते थे। कल्याणपुर इंस्पेक्टर केशव तिवारी ने बताया कि चारों आरोपित डिलीवरी कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।