# जयपुर

Jaipur Accident: तेज रफ्तार कार का कहर, उछलकर 20 फीट दूर गिरे पति-पत्नी की हालत गंभीर, CCTV फुटेज वायरल

Rajasthan Road Accident: जयपुर के हरमाड़ा इलाके में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पति-पत्नी करीब 20 फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

2 min read
सीसीटीवी फुटेज से लिया स्क्रीनशॉट

Speeding Car Hit Bike: जयपुर के हरमाड़ा थाना इलाके में रविवार दोपहर तेज रफ्तार कार ने कहर बरपा दिया। लोहा मंडी के पास कार ने बाइक सवार पति-पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों करीब 20 फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोमवार को सामने आया।

देखें CCTV फुटेज:-

जानकारी के अनुसार तरुपति विहार निवासी पुष्पेंद्र सिंह अपनी पत्नी वंदना कंवर के साथ बाइक पर जा रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे वे बाइक से सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में आई एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह असंतुलित हो गई और दंपती सड़क पर 20 फीट दूर जाकर गिरे।

घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने मौके से कार को जब्त कर लिया है। पुलिस अब CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी चालक की तलाश कर रही है। हरमाड़ा थाना पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में कार की रफ्तार काफी तेज नजर आ रही है। पुलिस आसपास लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपी को जल्द पकड़ा जा सके। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई है। दंपति का अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे में UPSC की परीक्षा दिलाने गए पिता की मौत

जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर नीझर मोड़ के पास शनिवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अलवर जिले के तिजारा निवासी 45 वर्षीय निहाल सिंह मेघवाल अपनी बेटी शिवानी को अजमेर में होने वाली यूपीएससी परीक्षा दिलाने कार से ले जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे की सूचना पर भाबरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से दोनों को पावटा सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने निहाल सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल शिवानी का इलाज जारी है। पिता की मौत के बाद बेटी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद परिवार सदमे में है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।