# जयपुर

राजस्थान में ‘संडेज ऑन साइकिल’ महाअभियान, फिट इंडिया मूवमेंट से जुड़ेगी पुलिस

Rajasthan Police Fit India: 24 मई को हजारों जवानों के साथ जनता भी करेगी साइकिलिंग। खेल मंत्रालय के निर्देश पर प्रदेशभर में कार्यक्रम। साइकिलिंग के साथ योग, रनिंग और रोप स्किपिंग भी शामिल।

less than 1 minute read
Sundays On Cycle

जयपुर. युवाओं और आमजन में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार आगामी 24 मई को राजस्थान में “संडेज ऑन साइकिल” अभियान का प्रदेशव्यापी आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस आर्म्ड बटालियन एवं मुख्य खेल अधिकारी राजस्थान पुलिस रुपिंदर सिंह ने सभी जिला पुलिस इकाइयों, प्रशिक्षण संस्थानों एवं अन्य पुलिस इकाइयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

उद्देश्य: SundaysOnCycle सक्रिय जीवनशैली के लिए प्रेरित करना

सिंघ ने बताया कि यह विशेष आयोजन फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया अभियान के तहत किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य आमजन को नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और सक्रिय जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है।

साइकिलिंग के साथ योग, रनिंग और रोप स्किपिंग भी

प्रदेशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में साइकिलिंग के साथ योग, रनिंग और रोप स्किपिंग जैसी गतिविधियां भी शामिल रहेंगी, ताकि सभी आयु वर्ग के लोग इसमें भागीदारी कर सकें।

देश की खेल संस्कृति को मजबूत करने का देंगे संदेश

इस बार संडेज ऑन साइकिल का आयोजन राष्ट्रमंडल खेल (CWG) थीम पर किया जा रहा है। वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए भारत की सफल दावेदारी के बाद यह आयोजन और अधिक महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अभियान के माध्यम से खेल भावना, फिटनेस और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ देश की खेल संस्कृति को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।

अधिकतम जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश

मुख्य खेल अधिकारी राजस्थान पुलिस सिंह ने बताया कि सभी पुलिस इकाइयों को कार्यक्रमों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने तथा अधिकतम जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कार्यक्रमों के फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर व्यापक रूप से साझा किए जाएंगे, ताकि फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जनजागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।