# जयपुर

Electricity Supply: राजस्थान में अंधड़-तूफान से बिजली तंत्र को भारी नुकसान, 366 गांवों में बहाल हुई विद्युत आपूर्ति

Rural Electricity Network: युद्धस्तर पर चला मरम्मत अभियान, 1190 बिजली पोल और 132 ट्रांसफार्मर हुए क्षतिग्रस्त

2 min read
Electricity supply प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source - Patrika)

Rajasthan Power Outage: जयपुर. प्रदेश के पूर्वी राजस्थान में शनिवार को आए तेज अंधड़, तूफान और बारिश ने विद्युत तंत्र को व्यापक नुकसान पहुंचाया। विशेष रूप से जयपुर विद्युत वितरण निगम (जेडीवीवीएनएल) के जयपुर और कोटा जोन में बड़ी संख्या में बिजली पोल, ट्रांसफार्मर और फीडर क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि निगम की टीमों ने युद्धस्तर पर राहत एवं मरम्मत कार्य करते हुए अधिकांश प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी है।
तेज अंधड़ के कारण तीनों जोन क्षेत्रों में कुल 132 वितरण ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए, जबकि 1190 बिजली पोल गिर गए या नुकसानग्रस्त हो गए। इसके अलावा 25 फीडर (33 केवी) और 265 फीडर (11 केवी) भी प्रभावित हुए। इस वजह से प्रदेश के 387 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी।

विशेष टीमें गठित कर तत्काल बहाली कार्य शुरू

डिस्कॉम्स चेयरमैन एवं जयपुर विद्युत वितरण निगम की प्रबंध निदेशक आरती डोगरा के निर्देश पर सभी प्रभावित सर्किलों में विशेष टीमें गठित कर तत्काल बहाली कार्य शुरू किया गया। अभियंताओं, तकनीकी कर्मचारियों और फॉल्ट रिपेयर टीमों ने दिन-रात मेहनत करते हुए क्षतिग्रस्त पोलों को बदलने, टूटे तारों की मरम्मत करने, फॉल्ट दूर करने और ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त करने का कार्य किया।

निगम प्रशासन ने बताया कि आवश्यक लाइन सामग्री, ट्रांसफार्मर और बिजली पोल पहले से उपलब्ध होने के कारण मरम्मत कार्य में तेजी लाई जा सकी। अधीक्षण अभियंताओं द्वारा प्रभावित क्षेत्रों की लगातार मॉनिटरिंग की गई, जिससे बहाली कार्य को गति मिली।

366 गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल

रविवार रात तक 387 प्रभावित गांवों में से 366 गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी गई। टोंक जिले के 240 प्रभावित गांवों में से 222 गांवों में बिजली आपूर्ति शुरू हो चुकी है। वहीं जयपुर जिला दक्षिण सर्किल के सभी 59 गांवों, करौली के सभी 20 गांवों, बूंदी के सभी 13 गांवों, अलवर के सभी 4 गांवों तथा बारां के प्रभावित गांव में भी आपूर्ति सामान्य कर दी गई है। जयपुर जिला उत्तर सर्किल के 50 प्रभावित गांवों में से 47 गांवों में बिजली बहाल कर दी गई है।

मुख्य आंकड़े एक नजर में:

क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर: 132
क्षतिग्रस्त बिजली पोल: 1190
प्रभावित 33 केवी फीडर: 25
प्रभावित 11 केवी फीडर: 265
प्रभावित गांव: 387
बहाल गांव: 366
शेष प्रभावित गांव: 21