Rajasthan Sampark Helpline 181 : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार को सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 पहुंचे। उन्होंने खुद परिवादियों से फोन पर बात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
Rajasthan Sampark Helpline 181 : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार को सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 पहुंचे। उन्होंने खुद परिवादियों से फोन पर बात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ताओं से पूछा कि उनकी समस्या का समाधान हुआ या नहीं और विभागीय स्तर पर कार्रवाई किस स्थिति में है। मुख्यमंत्री ने खैराबाद (कोटा) के परिवादी प्रिंस से फोन पर सीधे बात की। सीएम ने कहा, 'मैं भजनलाल शर्मा बोल रहा हूं, आप अपनी समस्या बताइए।' प्रिंस ने बिजली आपूर्ति की समस्या बताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
रामगढ़ पचवारा (दौसा) के परिवादी पुनीराम ने भू-खंड पट्टे की समस्या मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस पर सीएम ने कहा कि मैं आपके गांव भी आया हूं। समाधान के लिए निर्देश दे दिए है। वहीं, मुख्यमंत्री ने अरांई (अजमेर) के परिवादी हेमराज से फोन पर बात कर पानी की आपूर्ति की समस्या जानी। सीएम ने विस्तार से जानकारी लेकर अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
सीएम भजनलाल का फोकस लगातार राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन पर दर्ज होने वाली शिकायतों और उनके निस्तारण पर बना हुआ है। यही वजह है कि वे कई बार खुद हेल्पलाइन सेंटर पहुंचकर सीधे लोगों से संवाद कर चुके हैं और शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा करते रहे हैं।
सीएम भजनलाल ने कहा कि संपर्क हेल्पलाइन जनता की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम है। इस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करते हुए राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को हेल्पलाइन विजिट करने के निर्देश दिए हैं, जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है और आमजन को राहत मिल रही है।
सीएम भजनलाल ने निरीक्षण के दौरान हेल्पलाइन सेंटर की कार्यप्रणाली, शिकायत पंजीकरण, फॉलो-अप एवं मॉनिटरिंग व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हेल्पलाइन के कार्मिकों से भी समय-समय पर फीडबैक लिया जाए एवं अच्छा काम करने वाले कार्मिकों को प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय शिकायतों के निस्तारण में नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा प्रत्येक परिवादी को समयबद्ध एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम भजनलाल सचिवालय स्थित सरस पार्लर भी पहुंचे। यहां उन्होंने सरस छाछ का स्वाद लिया और आमजन से पारंपरिक, पौष्टिक एवं स्वास्थ्यवर्धक पेय के रूप में सरस उत्पादों को अपनाने की अपील की।