Rajasthan Monsoon Update: राजस्थान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरूवार शाम को बदले मौसम के मिजाज ने लोगों को मानसून जैसे मौसम का अहसास कराया। हालांकि प्रदेश में अभी दक्षिण पश्चिमी मानसून का प्रवेश 20 जून के आसपास होने के संकेत मौसम विभाग ने दिए हैं।
Rajasthan Monsoon Update: राजस्थान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरूवार शाम को बदले मौसम के मिजाज ने लोगों को मानसून जैसे मौसम का अहसास कराया। हालांकि प्रदेश में अभी दक्षिण पश्चिमी मानसून का प्रवेश 20 जून के आसपास होने के संकेत मौसम विभाग ने दिए हैं। उससे पहले मौसम में आए बदलाव से प्री मानसून गतिविधियां शुरू होने पर पूर्वी राजस्थान के कई शहरों में हुई बारिश से पारे में हुई गिरावट ने गर्मी के तीखे तेवरों से राहत दिलाई।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पूर्वी इलाकों में 5 और 6 जून को भी बारिश और धूलभरी हवा चलने की संभावना है। वहीं अगले सप्ताह भी एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का पूर्वानुमान है, जिसके असर से 10 जून तक प्रदेश के दक्षिण पूर्वी भागों में तेज रफ्तार से धूलभरी हवा चलने और मेघगर्जन के साथ तेज बौछारें गिरने की आशंका है।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जयपुर, बीकानेर और अजमेर में मेघ जमकर बरसे। बीते 24 घंटे में बीकानेर के डूंगरगढ़ में सर्वाधिक 75 मिमी बारिश मापी गई। अजमेर में 42.8 मिमी बारिश हुई वहीं जयपुर में 34.8 मिमी वर्षा मापी गई।
जयपुर शहर में बीते 6 साल में जून माह के प्रथम पखवाड़े में दूसरी बार सर्वाधिक बारिश दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में जयपुर शहर में जून माह के पहले सप्ताह में 77.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। गौरतलब है कि जयपुर में जून माह में औसत बारिश 61.9 मिमी है वहीं इस बार जून के पहले सप्ताह में ही बारिश के दौर से इस बार औसत से ज्यादा बारिश होने की संभावना है।
| क्रम | जिला | वर्षा (मिमी) |
|---|---|---|
| 1 | अजमेर | 42.8 |
| 2 | जयपुर | 34.8 |
| 3 | पिलानी | 21.8 |
| 4 | भीलवाड़ा | 19.0 |
| 5 | सीकर | 13.0 |
| 6 | प्रतापगढ़ | 12.5 |
| 7 | बीकानेर- डूंगरगढ़ | 75.0 |
| 8 | कोटा | 10.0 |
| 9 | चित्तौड़गढ़ | 10.0 |
| 10 | दौसा | 8.5 |
| 11 | अलवर | 7.2 |
| 12 | नागौर | 7.0 |
| 13 | फतेहपुर | 4.2 |
पश्चिमी विक्षोभ के असर से पूर्वी राजस्थान में मेघगर्जन के साथ बारिश का दौर रहा। वहीं पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क रहने पर गर्मी के तेवर तीखे बने रहे। श्रीगंगानगर में सर्वाधिक 44.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ जो मैदानी इलाकों में सर्वाधिक रहा है। जैसलमेर 43.0, फलोदी 42.8, बीकानेर 42.0 और बाड़मेर में 41.9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार प्रदेश में इस बार जून में लगातार पश्चिमी विक्षोभ की आवाजाही रहने की संभावना है। 5 और 6 जून को भी कई शहरों में धूलभरी हवा चलने और मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। वहीं अगले सप्ताह प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर अंधड़ और बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में इस बार भी दक्षिण पश्चिमी मानसून की दस्तक 25 जून से पहले होने की संभावना है। दक्षिण पश्चिम मानसून अब केरल से देश में उत्तर की ओर बढ़ने लगा है। मानसून के 20 जून तक राजस्थान पहुंचने की संभावना है। आइएमडी के मुताबिक 2-3 दिन में मानसून गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक व तमिलनाडु के कुछ हिस्सों को कवर कर सकता है। पूर्वोत्तर राज्यों और बंगाल की खाड़ी के कुछ क्षेत्रों में भी आगे बढ़ने की संभावना है।