# जयपुर

अशोक गहलोत ने राजस्थान सरकार को घेरा, कहा- अधिकारी फोन नहीं उठाते, योजनाएं ठप पड़ी

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राजस्थान में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है और पूरे राजस्थान में हाहाकार की स्थिति है। उन्होंने कहा कि किसी भी गांव में जाकर वास्तविक हालात देखे जा सकते हैं।

2 min read
Ashok Gehlot File Photo

जोधपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राजस्थान में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है और पूरे राजस्थान में हाहाकार की स्थिति है। उन्होंने कहा कि किसी भी गांव में जाकर वास्तविक हालात देखे जा सकते हैं, जबकि जनता आज भी कांग्रेस सरकार की योजनाओं को याद कर रही है।

मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती अपने भांजे से मिलने आए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को जोधपुर हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री और मंत्री तक परेशान हैं, वे फोन करते हैं लेकिन अधिकारी फोन नहीं उठाते, ऐसे में प्रशासनिक व्यवस्था कैसे चलेगी।

नीट पेपर लीक मामले को लेकर गहलोत ने कहा कि आरपीएससी सदस्य की गिरफ्तारी कांग्रेस सरकार में हुई थी और कई आरोपी अभी जेल में हैं। जेजेएम से जुड़े मामलों की शुरुआत भी कांग्रेस सरकार में हुई थी। पूर्व सीएम गहलोत ने पीएम मोदी और केन्द्रीय मंत्री पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि 12 साल में कोई उल्लेखनीय उपलब्धि नहीं है और धर्म के नाम पर राजनीति की जा रही है, जबकि जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।

पेयजल संकट के लिए सरकार दोषी

जोधपुर में पेयजल संकट को लेकर गहलोत ने कहा कि शहर के पानी के लिए उन्होंने वर्षों तक काम किया और इंदिरा गांधी लिफ्ट कैनाल परियोजना को आगे बढ़ाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने इस पर पर्याप्त मॉनिटरिंग नहीं की, जिससे स्थिति बिगड़ी है। पंजाब से नहर का क्लोजर हर साल होता है। कांग्रेस सरकार में भी हुआ था।पानी का संकट कभी नहीं आने दिया था। सरकार की लापरवाही से ऐसे हालात हुए हैं।

रिफाइनरी में आग लगना शर्मनाक

रिफाइनरी परियोजना पर उन्होंने कहा कि उद्घाटन से पहले आग लगने की घटना राजस्थान के लिए शर्मनाक रही और इसकी जांच होनी चाहिए। एलिवेटेड रोड को लेकर उन्होंने कहा कि परियोजना कांग्रेस सरकार में स्वीकृत हुई थी और डीपीआर भी तैयार कर ली गई थी। अब केन्द्रीय मंत्री इसका श्रेय ले रहे हैं, लेकिन उन्हें इसका कोई ऐतराज नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई अस्पताल भवन तैयार होने के बावजूद उन्हें शुरू नहीं किया गया है, जिससे मरीजों को परेशानी हो रही है। दवाओं की कमी और आरजीएचएस जैसी योजनाओं की स्थिति पर भी उन्होंने सवाल उठाए।

रोज कीमतें बढ़ रही हैं, कल को लेकर चिंतित

पूर्व सीएम गहलोत ने कहा कि देश में पेट्रोल व डीजल की बार-बार कीमतें बढ़ रही हैं। सीएनजी की कीमत भी बढ़ा दी गई। मजाक बना रखा है। यदि कोई मजबूरी है तो खुलकर बात करनी चाहिए। कल कितनी बढ़ेगी इसको लेकर हर कोई चिंतित है।