# जयपुर

Rajasthan: सीएम भजनलाल शर्मा के काफिले के लिए रोके वाहनों में घुसी तेज रफ्तार बस, 6 घायल, मची चीख-पुकार

Jaipur Sikar Highway Accident: जयपुर-सीकर हाईवे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काफिले के गुजरने के दौरान बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्लीपर बस खड़े वाहनों में घुस गई, जिससे छह लोग घायल हो गए और कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

2 min read
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार। फोटो- पत्रिका

जयपुर। जयपुर-सीकर हाईवे पर बड़पीपली के पास आयोजित कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काफिले को निकालने के लिए शनिवार शाम को सनसिटी गेट के पास रोके गए वाहनों में तेज रफ्तार एक स्लीपर बस जा घुसी। हादसे में छह लोग घायल हो गए। अचानक हुए हादसे से पुलिस-प्रशासन सकते में आ गया। घटनास्थल पर लोगों में चीख-पुकार के साथ अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना के बाद सीकर हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

यह वीडियो भी देखें

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू करवाया। हालांकि मुख्यमंत्री दुर्घटना से कुछ समय पहले घटनास्थल से निकल गए थे। पुलिस ने बताया कि जांच में बस के ब्रेक फेल होना सामने आया है। बस अहमदाबाद से पर्यटकों को लेकर खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रही थी। जानकारी के अनुसार बड़पीपली बस स्टैंड के पास सनसिटी गार्डन में भाजपा जयपुर जिला शहर का दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर आयोजित था। इसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी भी पहुंचे थे।

आधा दर्जन गाड़ियां क्षतिग्रस्त

शाम करीब 6:15 बजे सीएम का काफिला कार्यक्रम से वापस जयपुर लौट रहा था। इस दौरान राजावास पुलिया के पास पुलिस ने कट से यू-टर्न करवाने के लिए जयपुर से सीकर जाने वाले वाहनों को रोक रखा था। अनियंत्रित बस की गति इतनी तेज थी कि टक्कर से आधा दर्जन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। कई गाड़ियां टक्कर से पिचक गईं। पीछे से टकराने के कारण एक कार का पिछला हिस्सा पिचकने से गेट नहीं खुल पाया। पुलिस ने लोगों की सहायता से सीट पर फंसे सवार लोगों को बाहर निकाला। अन्य गाड़ियों में घायल हुए लोगों को भी पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

लंबा जाम लग गया

वहीं दुर्घटना के दौरान राजमार्ग पर काफी लंबा जाम लग गया। काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। इस दौरान मौके पर मौजूद एडिशनल एसपी राजेश गुप्ता, हरमाड़ा थानाधिकारी उदय सिंह यादव सहित पुलिसकर्मियों ने मामले को संभाला और क्रेन मंगा कर सभी क्षतिग्रस्त वाहनों को एक तरफ करवाकर यातायात को सुचारु करवाया। भीड़ में मौजूद लोगों में बस चालक के खिलाफ काफी गुस्सा दिखा। कई लोगों ने बस पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। हालांकि पुलिसकर्मियों ने मामला संभाल लिया। बस अहमदाबाद से पुष्कर होते हुए खाटूश्यामजी दर्शन करने जा रही थी।