Metro Station Construction: इंदौर शहर में अफसरों के अनुसार अवरोध हटने के बाद अब एजेंसी स्टेशन निर्माण का काम शुरू करेगी।
Metro Station Construction: एमपी के इंदौर शहर में छोटा गणपति क्षेत्र में प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन के निर्माण का रास्ता साफ करने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए 17 दुकानों को हटा दिया। मेट्रो परियोजना के तहत यहां स्टेशन बनना है, जिसके लिए सर्वे में कुछ दुकानों और निर्माणों को बाधक चिन्हित किया गया था। नगर निगम और मेट्रो परियोजना से जुड़े अधिकारियों की मौजूदगी में रात के समय कार्रवाई की गई। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से दुकानों को हटाया गया ताकि निर्माण एजेंसी को कार्यस्थल उपलब्ध कराया जा सके।
अफसरों के अनुसार अवरोध हटने के बाद अब एजेंसी स्टेशन निर्माण का काम शुरू करेगी। कार्रवाई के दौरान का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक ओर जेसीबी मशीन से निर्माण हटाते दिखाई दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पास मंदिर में एक दुकानदार भगवान के सामने हाथ जोड़कर अपनी पीड़ा व्यक्त करता नजर आ रहा है। यह दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि छोटा गणपति स्टेशन मेट्रो कॉरिडोर का अहम हिस्सा है। स्टेशन निर्माण में देरी न हो इसके लिए बाधक निर्माणों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जा रहा है।
एयरपोर्ट से राजबाड़ा के बीच प्रस्तावित अंडरग्राउंड मेट्रो कॉरिडोर को लेकर गठित समिति के समक्ष कलेक्टर कार्यालय में सुनवाई होगी। समिति परियोजना के ऐतिहासिक धरोहरों, भूमिगत जल स्रोतों तथा प्रस्तावित मेट्रो मार्ग के संभावित प्रभावों की जांच कर रही है। सुनवाई का यह दौर आज और कल आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न पक्षों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि याचिकाकर्ता किशोर कोडवानी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि मेट्रो परियोजना में ऐतिहासिक धरोहर संरक्षण संबंधी नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने विशेषज्ञ समिति गठित करने के निर्देश दिए थे। समिति अब क्रमवार विभिन्न बिंदुओं पर सुनवाई कर रिपोर्ट तैयार करेगी। आज ऐतिहासिक धरोहरों, भूमिगत जल स्रोतों और परियोजना प्रस्ताव से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
बीते दिनों पहले ही इंदौर जिले में कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशानुसार सोमवार को तहसील मल्हारगंज के ग्राम बांक में शासकीय चरनोई भूमि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई सर्वे क्रमांक 182 एवं 187/1 की लगभग 1.500 हेक्टेयर भूमि पर की गई।
कार्रवाई के दौरान टीन शेड से निर्मित गैरेज, ऑटो पार्ट्स तथा वाहन सर्विसिंग से संबंधित लगभग 35 दुकानों को हटाया गया। संबंधित भूमि को कलेक्टर इंदौर द्वारा धार रोड थाना, जनपद पंचायत इंदौर तथा फायर स्टेशन के लिए आवंटित किया गया है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रशासन, पुलिस एवं नगर निगम की रिमूवल टीम की संयुक्त उपस्थिति में संपन्न हुई। इस दौरान जनपद पंचायत इंदौर तथा ग्राम पंचायत बांक का अमला भी मौजूद रहा।