# गोरखपुर

गोरखपुर में CUET (UG) परीक्षा में देरी पर छात्रों का हंगामा, नहीं थम रहा परीक्षाओं में अव्यवस्था का सिलसिला

CUET (UG) Exam in Gorakhpur: शनिवार को एक परीक्षा केंद्र पर होने वाली CUET (UG) में टेक्निकल समस्या पैदा होने के बाद जब काफी देर तक अभ्यर्थियों को पेपर नहीं दिया गया तो उनका धैर्य जवाब दे गया। सिस्टम से नाराज अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया, इसमें अभिभावक भी शामिल हो गए।

2 min read
परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों का हंगामा (सोर्स:पत्रिका)

गोरखपुर में परीक्षा केंद्रों पर समस्याओं का सिलसिला खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है, अभी बीते दिनों एक परीक्षा में बने केंद्र पर निर्धारित संख्या से ज्यादे संख्या में अभ्यर्थियों को सीट एलाट कर दी गई थी जिसके बाद अभ्यर्थियों ने हंगामा मचाया, उसके बाद शनिवार को आयोजित CUET(UG) में एग्जाम देरी होने की वजह से अभ्यर्थियों के बीच गुस्सा फूट गया।

परीक्षा केंद्र पर छात्रों का हंगामा

जंगल धुसड़ स्थित एक परीक्षा केंद्र पर सैकड़ों छात्र हंगामा करने लगे। और अधिकारियों से से जवाब मांगते रहे। उनका आरोप है कि केंद्र पर पहुंचने के बाद उन्हें सीट पर बैठा कर घंटों इंतजार करवाया गया। फिलहाल एग्जाम मैनेजमेंट की ओर से एक नोटिस के माध्यम से यह सूचना दे दी गई थी कि टेक्निकल प्रॉब्लम को ठीक करने में टीम लगी हुई है। जैसे ही प्रॉब्लम खत्म होगा तुरंत एग्जाम शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही अभ्यर्थियों अतिरिक्त समय दिए जाने का आश्वाशन भी दिया गया।

तय समय पर नहीं शुरू हुई परीक्षा

एग्जाम सेंटर पर लगाए गए नोटिस के अनुसार, 30 मई को आयोजित CUET(UG) 2026 परीक्षा टेक्निकल दिक्कतों के कारण निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सकी। नोटिस में बताया गया कि परीक्षा संचालन से जुड़ी तकनीकी व्यवस्था में गड़बड़ी आने के कारण परीक्षा स्थगित करनी पड़ी। संबंधित तकनीकी टीम समस्या को दूर करने में जुटी रही। शनिवार को परीक्षा के होने के नाते अभ्यर्थी निर्धारित समय से पहले ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए थे।

परीक्षा केंद्र के बाहर अभिभावकों में भी असमंजस की स्थिति बनी रही

मुख्य गेट पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें कमरों में बैठा दिया गया, लेकिन काफी देर तक परीक्षा शुरू नहीं हुई। इसके बात अभ्यर्थियों का तनाव बढ़ने लगा। कई अभ्यर्थियों ने कहा कि उन्हें यह नहीं बताया जा रहा था कि परीक्षा आखिर कब शुरू होगी। कई घंटे बीत जाने के बाद भी परीक्षा शुरू नहीं होने पर छात्रों का धैर्य जवाब देने लगा।

नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्रों पर हंगामा किया और सिस्टम को घेरे में लेते हुए बोले को पहले से मैनेजमेंट क्यों नहीं तैयारी दुरुस्त रखा। अचानक तकनीकी समस्या सामने आने से उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ा। इसमें अभ्यर्थियों के गार्जियन भी काफी तनाव में आ गए। केंद्रों के बाहर देर तक अफरा तफरी की स्थिति बनी रही।

एजेंसी ने अभ्यर्थियों से जताया खेद

सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से जारी सूचना में कहा गया कि टेक्निकल समस्या दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अभ्यर्थियों से परीक्षा कक्षों में बने रहने और केंद्र प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। किसी भी छात्र का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा और आवश्यक होने पर अतिरिक्त समय दिया जाएगा, परीक्षा एजेंसी ने हुई असुविधा पर खेद भी जताया है।