# गोपालगंज

Snake Terror in Bihar: उमस और बारिश के बीच इस शहर में सांपों का कहर, एक दिन में 7 लोगों को डसा

Snake Terror in Gopalganj: बिहार के गोपालगंज में पिछले 24 घंटे में सांप काटने के 7 मामले सामने आए हैं। इस घटना के बाद वन विभाग की रेस्क्यू टीम जहरीले सांपों को पकड़ने में जुटी है। डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि सांप काटने पर झाड़-फूंक या घरेलू इलाज के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचें।

2 min read
सांकेतिक तस्वीर। फोटो -(AI Generated)

Snake Terror in Gopalganj बिहार में झमाझम बारिश के बाद बढ़ी उमस के बीच गोपालगंज में सांपों के आतंक का मामला सामने आया है। जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान सांप काटने के 7 मामले सामने आए हैं। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल सुरक्षित है।

गोपालगंज में बारिश और उमस की वजह से जहरीले सांपों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंची और जहरीले सांपों को पकड़ने में जुट गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है।

बारिश और उमस के बीच निकल रहे सांप

सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि बारिश और उमस के मौसम में अक्सर सांप काटने के मामले बढ़ जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप काटने के बाद विशेष सावधानी बरतें और झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा न लें। इससे मरीज की हालत और बिगड़ सकती है। डॉक्टरों ने कहा कि सांप काटने के बाद तुरंत अस्पताल पहुंचें और किसी भी तरह के घरेलू इलाज से परहेज करें। समय पर एंटी स्नेक वेनम नहीं मिलने पर मरीज की जान को खतरा बढ़ सकता है।

बारिश थमी तो चढ़ा पारा

बिहार में बारिश की रफ्तार थमने के साथ ही राज्य के अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान बढ़ने लगा है। सोमवार को पटना समेत कई शहरों में पारा चढ़ने से गर्मी और उमस में बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान भभुआ में 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पटना के अधिकतम तापमान में करीब डेढ़ डिग्री की बढ़ोतरी हुई और पारा 35.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। हालांकि, मौसम विभाग ने मंगलवार को पटना समेत पूरे बिहार में झमाझम बारिश की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने उत्तर बिहार के लिए ऑरेंज अलर्ट और दक्षिण बिहार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

बारिश-वज्रपात का अलर्ट

मौसम विभाग ने पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, अररिया, पूर्णिया, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, कटिहार, किशनगंज, वैशाली, समस्तीपुर और दरभंगा में बारिश और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, पटना, औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, अरवल, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, लखीसराय, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई में बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है।