Minister Dharampal Singh Big Statement: मंत्री धर्मपाल सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद की शिक्षा देने वाले मदरसों पर कार्रवाई होगी। ऐसे मदरसों को ध्वस्त किया जाएगा।
Minister Dharampal Singh Big Statement: उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने मदरसों में कथित अवैध गतिविधियों और आतंकवाद से जुड़े सवालों पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जिन संस्थानों में शिक्षा की आड़ में आतंकवाद को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे संस्थानों को ध्वस्त भी किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून के सामने सभी समान हैं और अपराधी किसी भी धर्म या समुदाय का हो, उसके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई होगी।
शासन द्वारागाजियाबाद का प्रभारी मंत्री नियुक्त किए जाने के बाद धर्मपाल सिंह बृहस्पतिवार को पहली बार जिले के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक की और बाद में मीडिया से बातचीत करते हुए सरकार की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की।
मदरसों में चल रही कार्रवाई और खोड़ा तथा मसूरी क्षेत्र के कुछ मामलों को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब में मंत्री ने कहा कि सरकार मदरसों में दीनी शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा को भी प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि विज्ञान, अंग्रेजी और अन्य समकालीन विषयों को शिक्षा व्यवस्था का हिस्सा बनाया जा रहा है ताकि छात्र मुख्यधारा से जुड़ सकें।
उन्होंने कहा कि सरकार की नीति पूरी तरह स्पष्ट है। किसी भी संस्थान पर कार्रवाई केवल तभी की जाती है जब वहां अवैध गतिविधियों या नियमों के उल्लंघन के प्रमाण मिलते हैं।
समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री धर्मपाल सिंह ने दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। उन्होंने महिलाओं की भागीदारी को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।
बैठक में बिजली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त ट्रांसफार्मर और मोबाइल ट्रांसफार्मर की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए ताकि किसी भी तकनीकी खराबी या फॉल्ट की स्थिति में तुरंत बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके और उपभोक्ताओं को परेशानी न हो।
धर्मपाल सिंह ने शहर में बढ़ती यातायात समस्या और कानून व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग से कहा कि जाम से राहत दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं और आम लोगों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने विवेचनाओं में अनावश्यक देरी न करने, फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और महिला शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने पर विशेष जोर दिया। मंत्री ने कहा कि थानों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर व्यवहार और समय पर न्याय मिलना चाहिए।
बैठक में सांसद अतुल गर्ग, महापौर सुनीता दयाल, पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, जीडीए सचिव विवेक मिश्र सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे