# गरियाबंद

Gariaband News: बजरंगबली की मूर्ति खंडित, गांव में आक्रोश, आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

Chhattisgarh News: ईंट मारकर टाइल्स युक्त मूर्ति को तोड़ दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया।

2 min read
पुलिस टीम मामले की जाँच करती हुई (Photo AI)

Gariaband News: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में फिंगेश्वर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेन्डरी-जामगांव में भगवान बजरंगबली की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा शराब सेवन के बाद ईंट मारकर टाइल्स युक्त मूर्ति को तोड़ दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया।

Gariaband News: आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

जानकारी के अनुसार मंदिर परिसर के पास शराब सेवन और ईंट से मूर्ति तोड़ने के निशान मिले हैं। घटना की सूचना मिलने पर विहिप जिला संयोजक मोहित साहू और फिंगेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। घटना की निंदा करते हुए विहिप जिला संयोजक मोहित साहू ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

गांव में आक्रोश का माहौल

वहीं रविवार को ग्राम समिति अध्यक्ष भेखलाल साहू के नेतृत्व में ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गांव के लोगों से घटना को लेकर जानकारी जुटाई गई, लेकिन किसी ग्रामीण के शामिल होने की बात सामने नहीं आई। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से फिंगेश्वर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। घटना के बाद गांव में नाराजगी और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

गांव में शराब पूरी तरह प्रतिबंधित

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में शराब पूरी तरह प्रतिबंधित है। गांव में शराब पीकर उपद्रव करने और धार्मिक स्थलों पर शराब सेवन करने वालों पर 2100 रुपये जुर्माने का प्रावधान भी लागू है। ऐसे में इस घटना को लेकर ग्रामीण काफी नाराज हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि करीब एक सप्ताह पहले गांव में घूम रहे एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति का इस घटना से संबंध हो सकता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

17 जून को स्थापित होगी नई प्रतिमा

घटना के बाद ग्रामीणों ने निर्णय लिया है कि उसी स्थान पर 17 जून को बजरंगबली की नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी। गांव के लोगों ने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।