# फरीदाबाद

कोचिंग वाली नाबालिग छात्रा बनी सौतन! फरीदाबाद में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति और प्रेमिका पर हत्या का आरोप

Faridabad Married Woman Death: फरीदाबाद के सेक्टर-7 में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने पति, उसकी प्रेमिका और प्रेमिका के माता-पिता पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

3 min read
फरीदाबाद में विवाहिता की संदिग्ध मौत (Snapgrab)

Faridabad Woman Death: फरीदाबाद के सेक्टर-7 इलाके में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान सविता तेवतिया के रूप में हुई है। सविता की शादी करीब 18 साल पहले उत्तर प्रदेश के जेवर क्षेत्र के रहने वाले संदीप से हुई थी। शादी के बाद दोनों फरीदाबाद में रहने लगे थे। इस मामले में संदीप और उसकी प्रेमिका पर हत्या के आरोप लगे हैं। मृतका के परिजनों का आरोप है कि संदीप की कोचिंग पर आने वाली एक नाबालिग छात्रा से नजदीकियां बढ़ रही थी।

कोचिंग के दौरान शुरू हुए रिश्ते

परिजनों का कहना है कि सविता और उसका पति संदीप घर पर बच्चों को कोचिंग पढ़ाते थे। इसी दौरान पढ़ने आने वाली एक लड़की से संदीप की नजदीकियां बढ़ गईं थी। परिवार का आरोप है कि जब दोनों के बीच रिश्ता शुरू हुआ था, तब लड़की नाबालिग थी। अब लड़की बालिग हो चुकी है और नौकरी भी करती है, लेकिन दोनों के बीच संबंध अब भी बने हुए हैं। परिजनों के अनुसार इसी बात को लेकर घर में काफी समय से विवाद और तनाव का माहौल बना हुआ था।

परिजनों ने जताई थी आपत्ति

सविता के भाइयों का कहना है कि उन्होंने कई बार संदीप और उसके परिवार से इस मामले को लेकर बात की, लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा। उनका आरोप है कि संदीप ने अपने अवैध रिश्ते खत्म करने की कोशिश नहीं की। परिवार का यह भी कहना है कि संदीप की प्रेमिका कई बार घर आती थी और सविता को धमकी देते हुए कहती थी कि वह संदीप के साथ ही रहेगी। इन सब बातों की वजह से सविता काफी परेशान रहने लगी थी।

घटना के बाद पति के गायब होने पर उठे सवाल

मृतका के परिवार का आरोप है कि घटना के बाद से संदीप सामने नहीं आया है, जिससे उनके संदेह और बढ़ गए हैं। उनका कहना है कि सविता की मौत सामान्य नहीं है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। परिजनों ने पति, उसकी प्रेमिका और प्रेमिका के माता-पिता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका मानना है कि पूरे मामले के पीछे एक बड़ी साजिश हो सकती है, जिसकी जांच जरूरी है।

ससुर ने बताया घटना वाले दिन का पूरा घटनाक्रम

मामले में सविता के ससुर कैप्टन सुरेंद्र कुमार ने खुद और अपने परिवार को निर्दोष बताया है। उनका कहना है कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। परिवार जेवर में एक रिश्तेदार के निधन के कारण गया हुआ था। उनके अनुसार घर में केवल सविता थी और मकान में कंस्ट्रक्शन का काम भी चल रहा था। उन्होंने दावा किया कि दिन में दो बार सविता से उनकी फोन पर बातचीत हुई थी।

मिस्त्री ने ससुर को दी थी सूचना

सुरेंद्र कुमार के अनुसार कुछ समय बाद घर पर काम कर रहे एक मिस्त्री ने फोन करके बताया कि सविता दरवाजा नहीं खोल रही है। इसके बाद पड़ोस में रहने वाले एक युवक को घर भेजा गया। युवक जब अंदर पहुंचा तो उसने सविता को फंदे से लटका हुआ देखा। सूचना मिलने के बाद परिवार तुरंत फरीदाबाद लौटा और सविता को अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दर्ज किया केस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पति, उसकी कथित प्रेमिका और प्रेमिका के माता-पिता के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।