# फरीदाबाद

Faridabad: कलह और नशे ने ली बाप-बेटे की जान, पिता ने मासूम की हत्या के बाद किया सुसाइड

Faridabad Crime News: फरीदाबाद के दयालपुर गांव में एक पिता ने अपने इकलौते मासूम बेटे की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। आरोपी ने बेटे के शव को अपने सीने से बांधकर फंदे से खुद भी लटक गया। घरेलू कलह और नशे की लत को इस खौफनाक कदम के पीछे की वजह माना जा रहा है।

2 min read
कलह और नशे की लत ने ली बाप बेटे की जान

Faridabad Crime News: जिले के बल्लभगढ़ स्थित दयालपुर गांव में एक पिता की हैवानियत और फिर खुदकुशी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 32 वर्षीय सागर नाम के व्यक्ति ने अपने 6 साल के बेटे रचित की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर बच्चे के शव को अपनी छाती से बांधकर मौत को गले लगा लिया। सागर कोई काम-धंधा नहीं करता था, आर्थिक तंगी के कारण पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट और झगड़ा करता था। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।

सीने से लिपटा मिला मासूम का शव, फंदे पर झूलता रहा पिता

रविवार की शाम जब सागर ने काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला, तो पड़ोसियों ने दीवार फांदकर घर के अंदर पहुंचे। अंदर का नजारा देख लोगों के होश उड़ गए। सागर फंदे से लटका हुआ था और उसने अपने मासूम बेटे रचित के शव को गमछे के सहारे अपनी छाती से मजबूती से बांध रखा था। आनन-फानन में बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कलह और नशे की लत ने तबाह किया परिवार

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सागर को शराब और जुए की लत थी, जिसके कारण घर में अक्सर झगड़ा होता था। इसी विवाद के चलते सागर के पिता रूपचंद, मां मंजू और पत्नी सपना करीब एक साल पहले उसे छोड़कर दूसरे गांव में किराए पर रहने लगे थे। सागर का बेटा रचित नर्सरी में पढ़ता था और अक्सर अपने पिता से मिलने आता था। रविवार को भी सागर उसे खिलाने के बहाने अपने साथ लाया था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वह इस खौफनाक साजिश को अंजाम देगा।

मृतक पिता के खिलाफ ही हत्या का मामला दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फरीदाबाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, मृतक सागर के पिता रूपचंद के बयान पर स्वयं सागर के खिलाफ अपने ही बेटे की हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।