Datia- दतिया के कलेक्टर व एसपी ने बीकर गांव में रात बिताई। सुबह चौपाल में सुनीं समस्याएं....। यहां पढ़ें विस्तार से
Datia- दतिया के कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े और एसपी सूरज वर्मा ने भांडेर क्षेत्र के ग्राम बीकर में रात बिताई। प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत ये दोनों अधिकारी शुक्रवार रात चारपाइयों पर बिना एसी और कूलर के सोए। सुबह उठकर गांव में ही चौपाल लगाई और ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के निर्देश दिए। उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
दरअसल, प्रशासन का प्रस्तावित दौरा उस रात को गांव में था। तब एक भावुक करने वाला पल आया, जब रात 10 बजे गांव के एक बुजुर्ग कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े से मिलने पहुंचे। कलेक्टर ने इस बात का जिक्र किया कि हमारा भोजन हो चुका था, तब एक दादाजी आए और उन्होंने आग्रह किया कि मेरे एक साल के पोते का जन्म दिन है, कृपया घर जरूर आएं। उनका निमंत्रण पाकर हम मना नहीं कर पाए और मैं और एसपी साहब उनके घर पहुंच गए। बच्चे को गोद में लेकर आशीर्वाद दिया और परिवार के साथ वक्त भी बिताया। यह जुड़ाव और विश्वास का सशक्त अनुभव रहा।
चौपाल को संबोधित करते हुए कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रशासन स्वयं गांव तक पहुंचे और नागरिकों की समस्याओं का समाधान मौके पर सुनिश्चित करे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से शासकीय योजनाओं क्रियान्वयन, मूलभूत सुविधाओं और स्थानीय जरूरतों की जानकारी ली। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े गांव में पैदल ही घूमे। गांव का भ्रमण कर उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए पढ़ाई, स्कूल और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की तथा उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक रहकर मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
ग्राम भ्रमण के दौरान कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े मंदिर भी पहुंचे। यहां दर्शन कर क्षेत्र के छोटे व्यवसायियों व दुकानदारों से भी संवाद किया। उन्होंने उनके कार्य-व्यवसाय और आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साफ- सफाई, मूलभूत सुविधाओं और जनहित से जुड़े कार्यों के निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए अपनी समस्याएं साझा कीं और शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई।
इधर पूर्व मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने भी शनिवार को दतिया में चौपाल लगाई। वार्ड क्रमांक 3 में जन चौपाल आयोजित हुई।चर्चा के दौरान बच्चों की मांग पर नरोत्तम मिश्रा ने त्वरित संवेदनशीलता दिखाते हुए एक घंटे के भीतर कूलर भिजवाकर उनकी समस्या का समाधान कराया। चौपाल कार्यक्रम में वार्डवासियों ने उनका स्वागत किया और अपनी समस्याएं रखीं। जनसंवाद के दौरान बाल्मिक परिवार के बच्चे हिमांशु वाल्मीकि और कामिनी वाल्मीकि ने गर्मी से राहत के लिए घर में पंखा और कूलर न होने की बात कही। बच्चों की बात सुनते ही नरोत्तम मिश्रा ने उन्हें आश्वस्त किया कि जल्द व्यवस्था कराई जाएगी। इसके बाद एक घंटे के भीतर ही उनके घर कूलर पहुंचा दिया गया। चौपाल में पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने वार्डवासियों से वन-टू-वन चर्चा कर विभिन्न समस्याओं का मौके पर समाधान किया और कहा कि जनता की सेवा उनकी पहली प्राथमिकता है।