Vaibhav Sooryavanshi endorsement fees: IPL 2026 में रिकॉर्ड की झड़ी लगाकर टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा पांच अवॉर्ड जीतने वाले वैभव सूर्यवंशी की एंडोर्समेंट फीस लगभग दोगुनी कर दी है। रिपोर्ट की मानें तो अब वह हर डील के लिए 1.5 से 2 करोड़ रुपये तक चार्ज कर रहे हैं।
Vaibhav Sooryavanshi endorsement fees: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में भले ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु लगातार दूसरा खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। लेकिन, उससे ज्यादा सुर्खियां 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने बटौरी हैं। क्रिकेट फैंस से लेकर दिग्गज क्रिकेटरों की जुबां पर सिर्फ उनका ही नाम है। कुछ लोगों का कहना है कि अगर वह आईपीएल ऑक्शन में आते हैं, तो वह सारे रिकॉर्ड तोड़कर लगभग 30 करोड़ रुपये तक पा सकते हैं। फिलहाल वह राजस्थान रॉयल्स के साथ 1.10 करोड़ रुपये के सालाना कॉन्ट्रैक्ट पर बने हुए हैं। उन्हें अपनी आईपीएल सैलरी बदलने के लिए एक और साल इंतजार करना पड़ सकता है। लेकिन, इसी बीच रिपोर्ट आ रही है कि उन्होंने अपनी एंडोर्समेंट फीस दोगुनी कर दी है।
आईपीए 2026 सीजन वैभव सूर्यवंशी के लिए बेहद खास रहा। उन्होंने इस सीजन में कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ते हुए सभी को चौंका दिया। उन्होंने इस सीजन 72 छक्कों के साथ कुल 776 रन बनाए और वह भी 237.30 के धमाकेदार ट्रेंड-सेटिंग स्ट्राइक-रेट के साथ। इन नंबरों की वजह से उन्होंने ऑरेंज कैप और सीजन के सबसे वैल्यूएबल प्लेयर समेत पांच अवॉर्ड जीते। एनडीटीवी की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि वैभव सूर्यवंशी ने अपनी ब्रांड एंडोर्समेंट फीस दोगुनी कर ली है।
बता दें कि वैभव के ब्रांड एंडोर्समेंट पोर्टफोलियो को फिलहाल उनके माता-पिता उनकी आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स की मदद से मैनेज कर रहे हैं। इस टीनएजर को पहले ही कॉम्प्लान और रेड बुल जैसे ब्रांड्स को एंडोर्स करते देखा जा चुका है और अब उनके आईपीएल में धमाल मचाने की वजह से कई दूसरे ब्रांड्स भी उन्हें साइन करने की जल्दी में हैं।
रिपोर्ट में एक इंडस्ट्री एक्सपर्ट ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि सूर्यवंशी ने अपनी एंडोर्समेंट फीस लगभग दोगुनी कर दी है। आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले उन्होंने हर डील करीब 1 करोड़ रुपये में साइन की थी। हालांकि, अब वह हर डील के लिए 1.5 से 2 करोड़ रुपये तक की फीस ले रहे हैं। उन्होंने कॉम्प्लान और रेड बुल के साथ पहले 1 करोड़ की रेंज में डील की थी।
वैभव सूर्यवंशी अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत में हैं। जैसे-जैसे आईपीएल 2026 भारतीय क्रिकेट में उनकी ब्रांड वैल्यू को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा, उनके माता-पिता और मैनेजमेंट टीम के लिए इन मौकों को सावधानी से संभालना जरूरी है।
आईपीएल 2026 के बाद आरसीबी से ज्यादा चर्चा 15 साल के वंडर बॉय को लेकर है। कई पुराने क्रिकेटर, दिग्गज और एक्सपर्ट्स पहले ही सूर्यवंशी के बारे में सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और सुनील गावस्कर जैसे महान प्लेयर्स की तरह ही बात करने लगे हैं। हालांकि उनके टैलेंट से इनकार नहीं किया जा सकता है, लेकिन इस युवा खिलाड़ी को अभी भी बहुत कुछ करना है। उनका अगला असाइनमेंट श्रीलंका दौरा है। जहां वह वनडे ट्राई सीरीज में श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए का सामना करेंगे।