# क्रिकेट

India vs USA Pitch Report: क्या पहली बार पार होगा 300 का आंकड़ा? देखें वानखेड़े की पिच और मौसम का हाल

India vs USA Pitch and Weather Report: वानखेड़े की बल्लेबाज अनुकूल पिच और मुंबई के गर्म, उमस भरे मौसम में IND vs USA मुकाबला हाई स्कोरिंग हो सकता है, जहां टॉस और ओस की भूमिका अहम हो सकती है।

2 min read
मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम (फोटो- mumbaiindians.com)

India vs USA Wankhede Pitch Report,T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होने जा रही है, जो कि भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों में ही कई दिलचस्प मैच देखने को मिलेंगे, जिनमें भारत भी खेलेगा। ग्रुप ए का तीसरा मैच भारत और यूएसए के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां पिच और मौसम की भूमिका इस मुकाबले को दर्शकों के लिए रोमांचक बनाएगी।

बल्लेबाजी के लिए अनुकूल है पिच

वानखेड़े स्टेडियम की पिच को भारत की सबसे बेहतरीन बल्लेबाजी पिचों में गिना जाता है। यहां की सतह आमतौर पर सपाट रहती है, जिस पर गेंद अच्छी तरह बल्ले पर आती है। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को थोड़ी-बहुत स्विंग मिल सकती है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान होता चला जाता है। टी20 फॉर्मेट में यहां पहली पारी का औसत स्कोर 175 से 190 रन के बीच रहा है, जो एक हाई स्कोरिंग मुकाबले की ओर इशारा करता है।

वानखेड़े स्टेडियम की आउटफील्ड काफी तेज है और बाउंड्री भी छोटी है, जिससे गैप में खेली गई गेंद आसानी से बाउंड्री तक पहुंच जाती है। इसका फायदा पावर हिटर्स को मिलने वाला है। ऐसे में भारतीय टीम की वर्तमान फॉर्म को देखते हुए बड़े स्कोर की उम्मीद की जा सकती है। न्यूजीलैंड के खिलाफ हुई टी20 सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों ने खूब रन बरसाए और सभी बल्लेबाज अभी अच्छी फॉर्म में हैं।

मुंबई की मौसम रिपोर्ट

मुंबई के मौसम की बात करें तो मैच वाले दिन तापमान करीब 32 से 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शाम के समय तापमान में थोड़ी गिरावट जरूर आएगी, लेकिन उमस बनी रहेगी। लेकिन इस मुकाबले में बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे पूरा मैच बिना किसी रुकावट के खेले जाने की उम्मीद है। समुद्र के पास स्थित स्टेडियम होने के कारण दूसरी पारी में ओस भी गिर सकती है, जो गेंदबाजों के लिए चुनौती बन सकती है।