Sai Sudharsan in IPL 2026: साई सुदर्शन के हिट विकेट होने के बाद पूर्व अंपायर अनिल चौधरी के एक वीडियो ने नया विवाद खड़ा कर दिया है।
IPL 2026 GT vs RR: आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालीफायर में साई सुदर्शन हिट विकेट होकर पवेलियन लौट गए। लगातार दूसरे मुकाबले में वह इस तरीके से आउट हो गए, जिसके बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें शुरू हो गईं। इस दौरान पूर्व अंपायर अनिल चौधरी का एक वीडियो वायरल होने लगा, जिसमें वह इस तरीके से आउट होने को नॉट आउट करार दे रहे हैं। उन्होंने आईसीसी के नियम को समझाते हुए बताया कि क्यों साई सुदर्शन नॉट आउट थे।
आपको बता दें कि मुल्लांपुर में शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला खेला गया, जहां गुजरात टाइटंस ने 7 विकेट से शानदार जीत हासिल की। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 214 रन बनाए, जिसमें वैभव सूर्यवंशी ने 47 गेंद में 96 रन की पारी खेली, तो रविंद्र जडेजा ने 45 रन और डेनोवन फरेरा ने सिर्फ 11 गेंद में 38 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।
215 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत धमाकेदार रही। साई सुदर्शन और शुभमन गिल ने पहले शतकीय साझेदारी की और फिर टीम के लिए 150 रन जोड़ डाले। इस दौरान साई सुदर्शन की पारी का अंत दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से हुआ। 13वें ओवर में वह बृजेश शर्मा की गेंद पर कट शॉट खेलने के दौरान आउट हुए।
उन्होंने बृजेश शर्मा की गेंद पर शानदार कट लगाते हुए चौका लगाया, लेकिन उनका बल्ला हाथ से छूट गया और जाकर विकेट पर गिर गया। इस तरह वह लगातार दूसरी बार इस तरीके से आउट हुए। इससे पहले वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ भी कुछ इसी तरह आउट हुए थे। आउट होने के बाद वह पवेलियन लौट गए।
इसी दौरान सोशल मीडिया पर पूर्व अंपायर अनिल चौधरी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह बताते हुए नजर आ रहे हैं कि अगर शॉट पूरा खेल लिया जाता है और एक्शन पूरा हो चुका है, उसके बाद अगर बल्ला या बल्लेबाज का कोई भी इक्विपमेंट, जैसे टोपी या ग्लव्स, हाथ से निकलकर या शरीर से अलग होकर विकेट पर जाकर लगता है और स्टंप की बेल्स गिर भी जाती हैं, तो आईसीसी के नियम के अनुसार वह नॉट आउट होता है। लेकिन इसके बावजूद साई सुदर्शन पवेलियन लौट गए और सिर्फ एक बार नहीं, बल्कि दोनों बार ही ऐसा हुआ था।
आपको बता दें कि अब गुजरात टाइटंस ने फाइनल में जगह बना ली है, जहां उनका मुकाबला 31 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जिसे स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और हॉटस्टार पर लाइव देखा जा सकता है।