Mohammad Kaif on Vaibhav Suryavanshi: टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने वैभव सूर्यवंशी की फील्डिंग को लेकर सवाल उठाए थे, जिसके बाद उन्होंने करारा जवाब मिला है।
Manish Jha on Vaibhav Suryavanshi Fielding: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का क्वालीफायर-2 आज मुल्लापुर में खेला जाएगा, जहां राजस्थान रॉयल्स का सामना गुजरात टाइटंस से होगा। इस मुकाबले में सबकी नजर वैभव सूर्यवंशी पर होगी, जिन्होंने पिछले ही मुकाबले में 29 गेंद में 97 रन की पारी खेल डाली थी। इस मुकाबले में वह आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने से चूक गए थे, लेकिन 12 छक्कों की पारी ने कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। इसी मुकाबले में उन्होंने सीजन का पहला कैच भी लपका था, जिसने उनकी फील्डिंग पर उठ रहे सवालों पर ताला लगाने की कोशिश की। इस दौरान उनके कोच मनीष झा ने मोहम्मद कैफ को आईना दिखाया है और सचिन तेंदुलकर को लेकर बड़ी बात कही है।
इस दौरान क्वालीफायर-2 से पहले वैभव सूर्यवंशी के कोच मनीष झा ने मोहम्मद कैफ को करारा जवाब दिया है। आपको बता दें कि कैफ ने सूर्यवंशी की फील्डिंग पर सवाल उठाए थे और बताया था कि अगर इस तरह की फील्डिंग रही तो टीम इंडिया के लिए मुश्किलें हो सकती हैं। जनसत्ता को दिए इंटरव्यू में मनीष झा ने बताया कि वैभव अभी बच्चा है और धीरे-धीरे फील्डिंग में सुधार आ जाएगा। उनसे हर चीज में असाधारण प्रदर्शन की उम्मीद करना संभव नहीं है।
इस दौरान उन्होंने सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसे खिलाड़ियों से सूर्यवंशी की तुलना पर भी खुलकर बात की। मनीष झा ने सूर्यवंशी की फील्डिंग पर बात करते हुए कहा कि आप इस सीजन के सभी मैच देख लीजिए, एक-दो मैच में मिसफील्ड हो जाता है। इसका मतलब यह नहीं कि उसकी फील्डिंग खराब है। दूसरी ओर अगर आप भारत के दिग्गज बल्लेबाजों को देखें, जिसमें राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली जैसे बल्लेबाज शामिल हैं, तो इनमें से कौन जोंटी रोड्स था।
उन्होंने कहा कि वैभव अभी बच्चा है और अभी उसका सीखने का दौर चल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मोहम्मद कैफ की बात मत कीजिए, वह बहुत अच्छे फील्डर थे लेकिन उन्होंने उतने रन कहां बनाए थे। उन्होंने बताया कि क्रिकेट रन बनाने और विकेट लेने का खेल है, वहां मिल्खा सिंह नहीं बनना होता है। हालांकि वैभव भी बच्चा है और धीरे-धीरे माहौल के हिसाब से वह फील्डिंग सुधार लेगा।
मनीष झा ने यह भी कहा कि वैभव सूर्यवंशी की विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर जैसे खिलाड़ियों से तुलना होना गर्व की बात है। हालांकि विराट कोहली और वैभव सूर्यवंशी अलग शैली के खिलाड़ी हैं और वैभव सूर्यवंशी की शैली भी अलग है। कोई किसी की तुलना नहीं कर सकता।