ENG vs IND Women's T20 Series 2026: वूमेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड को 38 रन से हराकर इतिहास रच दिया। भारत के लिए जेमिमा रॉड्रिग्स और यास्तिका भाटिया ने कमाल की बल्लेबाजी की।
ENGW vs INDW 1st T20 Highlights: गुरुवार को भारतीया महिला क्रिकेट टीम ने चेम्सफोर्ड में इतिहास रच दिया और इंग्लैंड के खिलाफ इतिहास की दूसरी बड़ी जीत दर्ज की। इस मुकाबले में स्मृति मंधाना ने एंड कंपनी ने इंग्लैंड को 38 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 188 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर सिर्फ 150 रन ही बना सकी और भारतीय टीम ने 38 रन से मुकाबला जीत लिया।
वर्ल्ड कप से पहले इस जीत को काफी अहम माना जा रहा है क्योंकि इंग्लैंड की सरजमीं पर ही भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप खेलना है। चेम्सफोर्ड में यह इंग्लैंड की टीम की सिर्फ तीसरी हार है और भारतीय टीम ने पहली बार इस मैदान पर इंग्लैंड को हराया है। इस जीत के साथ तीन मैचों की टी20 सीरीज में टीम इंडिया ने 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है।
इस मुकाबले में इंग्लैंड की कप्तान ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और पहली ही गेंद पर कप्तान स्मृति मंधाना पवेलियन लौट गईं। इसके बाद शेफाली वर्मा भी सस्ते में आउट हो गईं। दोनों को लॉरेन बेल ने पवेलियन भेजा।
लेकिन उसके बाद यास्तिका भाटिया और जेमिमा रॉड्रिग्स ने कमाल की बल्लेबाजी की और भारतीय टीम को 130 के पार पहुंचा दिया। 14वें ओवर में भारतीय टीम को तीसरा झटका लगा, जब यास्तिका भाटिया 40 गेंद में 9 चौकों और 1 छक्के की मदद से 54 रन बनाकर आउट हो गईं। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर जेमिमा रोड्रिग्स भी 69 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। उन्होंने अपनी पारी में 40 गेंदों का सामना किया, 10 चौके लगाए और 1 छक्का लगाया।
इसके बाद ऋचा घोष और भारती फूलमाली भी सस्ते में आउट हो गईं, लेकिन दीप्ति शर्मा ने 13 गेंद में 22 रन की पारी खेल भारतीय टीम को 180 के पार पहुंचा दिया। इंग्लैंड के लिए लॉरेन बेल ने 4 ओवर में 3 विकेट चटकाए।
189 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और दोनों सलामी बल्लेबाज सस्ते में आउट हो गईं। इसके बाद एमी जोन्स ने 48 गेंद में 67 रन बनाए, तो हीथर नाइट ने 24 गेंद में 21 रन की पारी खेली। इन दोनों ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन रन गति नहीं बढ़ा सकीं। इनके आउट होने के बाद अगले बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके और पूरी टीम 20 ओवर में सिर्फ 150 रन ही बना सकी। भारत के लिए नंदनी शर्मा ने 3 और क्रांति गौड़ ने 2 विकेच चटकाए।
जेमिमा रॉड्रिग्स को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। भारत की महिला टीम की इंग्लैंड के खिलाफ यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले उन्होंने पिछले साल टेंट ब्रिज में इंग्लैंड को 97 रन से हराया था।