RR vs GT, IPL 2026: राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। इस मैच में रॉयल्स बिना किसी बदलाव के उतरेगी। गुजरात ने एक बदलाव किया है। कप्तान शुभमन गिल ने बताया कि साई किशोर की वापसी हुई है।
Gujarat Titans vs Rajasthan Royals, Qualifier 2, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का दूसरा क्वालीफायर मुकाबला पहले सीजन की चैम्पियन राजस्थान रॉयल्स (RR) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला जा रहा है। मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।
यह हाईवोल्टेज मुक़ाबला शुरू होने से पहले ही टॉस को लेकर विवाद हो गया। दरअसल इस मैच का टॉस दो बार कराना पड़ा। पहली बार गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने सिक्का उछाला, लेकिन रियान पराग माइक पर कॉल नहीं कर पाए। इसके कारण रेफरी ने टॉस रद्द कर दिया और दोबारा टॉस कराने का फैसला लिया। दूसरी बार टॉस में राजस्थान रॉयल्स ने जीत हासिल की और पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया।
टॉस जीतने के बाद पराग ने कहा, "हम पहले बैटिंग करेंगे। विकेट लगभग वैसा ही है, लेकिन मुझे लगता है कि आखिर में यह धीमा हो जाता है, और हमारे पास इसके लिए गेंदबाज मौजूद हैं। हमें बस 40 ओवर तक बेहतर क्रिकेट खेलने की जरूरत है, जो टीम सबसे अच्छा खेलेगी, वही जीतेगी। टीम में बदलाव नहीं है।"
जीटी के कप्तान शुभमन गिल ने कहा, "हम भी पहले बल्लेबाजी ही करते। इस विकेट पर पहले ही 40 ओवर का खेल हो चुका है और अब इसका मिजाज बदलने वाला नहीं है। हमारे लिए सब कुछ दांव पर लगा है। अभी नहीं तो कभी नहीं वाली स्थिति है। साई किशोर टीम में वापस आए हैं। यह एकमात्र बदलाव है।"
आरआर एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को हराकर दूसरे क्वालीफायर में पहुंची है, जबकि जीटी को पहले क्वालीफायर आरसीबी से हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में जीतने वाली टीम रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ फाइनल खेलेगी। लीग चरण के दो मैचों में पहला मैच आरआर ने 6 विकेट से जीता था, जबकि जीटी ने दूसरा मैच 77 रन से जीता था।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, दासुन शनाका, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा, यश राज पुंजा।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: शुभम दुबे, सुशांत मिश्रा, अमन पेराला, रवि बिश्नोई, तुषार देशपांडे।
गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंधू, वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राशिद खान, रविश्रीनिवासन साई किशोर, कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: राहुल तेवतिया, ग्लेन फिलिप्स, अनुज रावत, कुमार कुशाग्र, अरशद खान।