# क्रिकेट

GT vs RR: राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हरा गुजरात टाइटंस ने फ़ाइनल में बनाई जगह, शुभमन गिल ने जड़ा शतक

मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 214 रन बनाए थे। जवाब में गुजरात टाइटंस ने 18.4 ओवर में तीन विकेट खोकर इस लक्ष्य को हासिल कर लिया।

2 min read
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शतक लगाने के बाद गुजरात के कप्तान शुभमन गिल (Photo: IANS/Biplab Banerjee)

Gujarat Titans vs Rajasthan Royals, Qualifier 2, IPL 2026: गुजरात टाइटंस (GT) ने दूसरे क्वालीफायर मुक़ाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स (RR) को 7 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने तीसरी बार आईपीएल के फ़ाइनल में जगह बनाई है। जहां उनका मुक़ाबला 31 मई को गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से होगा।

गुजरात ने हासिल की एकतरफा जीत

मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 214 रन बनाए थे। जवाब में गुजरात टाइटंस ने 18.4 ओवर में तीन विकेट खोकर इस लक्ष्य को हासिल कर लिया।

तीसरी बार आईपीएल फाइनल में बनाई जगह

गुजरात टाइटंस ने तीसरी बार आईपीएल फाइनल में जगह बनाई है। साल 2022 में जीटी ने आरआर को मात देकर अपना पहला खिताब जीता था। अगले सीजन यह टीम फिर से फाइनल में पहुंची, जहां चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। जब 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जीटी का सामना आरसीबी से होगा, तो दोनों टीमें अपने दूसरे खिताब को जीतना चाहेंगी।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत खराब रही। टीम 1.5 ओवरों में महज 9 के स्कोर तक यशस्वी जायसवाल (1) और ध्रुव जुरेल (7) के रूप में दो बड़े विकेट गंवा चुकी थी, जिसके बाद 15 वर्षीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने मोर्चा संभाला।

वैभव लगातार दूसरे मुकाबले में शतक चूके

वैभव ने इस दौरान रवींद्र जडेजा के साथ मजबूत साझेदारी की। वैभव लगातार दूसरे मुकाबले में शतक चूके। उन्होंने 47 गेंदों में 7 छक्कों और 8 चौकों के साथ 96 रन की पारी खेली, जबकि रवींद्र जडेजा 35 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 45 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके अलावा, डोनोवन फरेरा ने 11 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 38 रन की तूफानी पारी खेली। विपक्षी खेमे से जेसन होल्डर और कगिसो रबाडा ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

गिल और सुदर्शन की 167 रन की साझेदारी

इसके जवाब में जीटी ने 18.4 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। पहले विकेट के लिए कप्तान शुभमन गिल ने साईं सुदर्शन के साथ 77 गेंदों में 167 रन की साझेदारी की। सुदर्शन 32 गेंदों में 1 छक्के और 8 चौकों की मदद से 58 रन बनाकर आउट हुए, जबकि गिल ने 53 गेंदों में 104 रन बनाए। उनकी इस पारी में 3 छक्के और 15 चौके शामिल रहे। इनके अलावा, वॉशिंगटन सुंदर ने 9 गेंदों में 16 रन की पारी खेली, जबकि राहुल तेवतिया 9 गेंदों में 1 छक्के और 2 चौकों के साथ 17 रन बनाकर नाबाद रहे। विपक्षी खेमे से जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर और ब्रजेश शर्मा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।