# क्रिकेट

एशियन गेम्स से सूर्यकुमार यादव का पत्ता साफ, 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की हुई सरप्राइज एंट्री, देखें पूरी लिस्ट

Asian Games 2026 India cricket probables squad: बीसीसीआई ने एशियन गेम्स के लिए 30 संभावित खिलाड़ियों की लिस्ट जारी की है। इसमें सूर्यकुमार यादव बाहर हैं, जबकि 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को जगह मिली है।

2 min read
सूर्यकुमार यादव और वैभव सूर्यवंशी (Photo - IANS)

Asian Games 2026 India cricket probables squad: बीसीसीआई (BCCI) ने इस साल जापान के ऐची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों (Asian Games) के लिए 30 संभावित खिलाड़ियों की लॉन्ग लिस्ट तैयार कर ली है। लेकिन इस लिस्ट में सबसे बड़ा झटका टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को लगा है, जिन्हें इस टीम से पूरी तरह बाहर कर दिया गया है। वहीं दूसरी तरफ, सिर्फ 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को शामिल कर सेलेक्टर्स ने सबको हैरान कर दिया है।

सूर्या नहीं तो फिर कौन संभालेगा कप्तानी?

सूर्यकुमार यादव का एशियाई खेलों में न खेलना अब पूरी तरह तय हो चुका है, क्योंकि बीसीसीआई ने जो 30 सदस्यीय लिस्ट आयोजकों को भेजी है, अंतिम 15 सदस्यों की टीम इसी लिस्ट में से चुनी जाएगी। इस लिस्ट से बाहर के किसी भी खिलाड़ी को मौका नहीं मिल सकता।

हालांकि, इस लिस्ट में टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम के 13 मुख्य खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, रिंकू सिंह और ईशान किशन जैसे बड़े नाम हैं। ऐसे में भारतीय टीम अपने स्वर्ण पदक की रक्षा के लिए एक नए कप्तान की अगुवाई में मैदान पर उतरेगी। टीम में श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत और यशस्वी जायसवाल भी शामिल हैं।

सूर्यवंशी को मिल सकता है बड़ा मौका

आईपीएल में अपने बल्ले से कोहराम मचाने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को लेकर चर्चाएं तेज हैं। बीसीसीआई ने उन्हें संभावितों में जगह देकर साफ संकेत दे दिए हैं कि वह बहुत जल्द सीनियर भारतीय जर्सी में नजर आ सकते हैं। एशियन गेम्स से पहले भारत को आयरलैंड, इंग्लैंड, जिम्बाब्वे और श्रीलंका का दौरा करना है, मुमकिन है कि वैभव को एशियाड से पहले ही डेब्यू का मौका मिल जाए।

गौतम गंभीर नहीं होंगे कोच

एक फैसला यह है कि मुख्य कोच गौतम गंभीर इस टूर्नामेंट में टीम के साथ जापान नहीं जाएंगे। दरअसल, 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक होने वाले एशियन गेम्स के दौरान ही भारतीय टीम को घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है, जहां गंभीर शुभमन गिल की टीम के साथ मौजूद रहेंगे। ऐसे में एशियन गेम्स के लिए वीवीएस लक्ष्मण को मुख्य कोच बनाया जा सकता है।

ये हैं 30 संभावित खिलाड़ी: ईशान किशन, वरुण चक्रवर्ती, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, अभिषेक शर्मा, अनुकूल रॉय, अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल, आयुष्मान बदोनी, ध्रुव जुरेल, हार्दिक पंड्या, हर्ष दुबे, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह, खलील अहमद, कुलदीप यादव, नीतीश रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, रवि बिश्नोई, रिंकू सिंह, ऋतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन, शाहबाज अहमद, शिवम दुबे, तिलक वर्मा, वैभव सूर्यवंशी, विप्रज निगम, वाशिंगटन सुंदर, यशस्वी जायसवाल, यश ठाकुर।