# बुरहानपुर

एमपी टूरिज्म को नई रफ्तार, असीरगढ़ किले पर नाइट स्टे और एप्रोच रोड की तैयारी

MP Tourism : स्वदेश दर्शन योजना से जुड़ेगा बुरहानपुर, होम स्टे से बढ़ेगा ग्रामीण पर्यटन। ऐतिहासिक असीरगढ़ किले पर पर्यटकों के लिए नाइट स्टे की सुविधा विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है।

2 min read
असीरगढ़ किले पर नाइट स्टे और एप्रोच रोड की तैयारी (Photo Source- Input)

Asirgarh Fort Burhanpur : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में पर्यटन विकास को नई गति मिलने जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा भारत सरकार की स्वदेश दर्शन योजना से जिले को जोड़ने की तैयारी में जुट गया है। इसके तहत ऐतिहासिक असीरगढ़ किले पर पर्यटकों के लिए रात्रि विश्राम (नाइट स्टे) की सुविधा को विकसित करने की योजना बनाई जा रही है।

पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान बनाने के लिए एप्रोच रोड निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। पीडब्ल्यूडी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग समेत विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रस्ताव तैयार किये जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, सड़क निर्माण होने से पर्यटकों की आवाजाही में बढ़ोतरी होगी और जिले की पर्यटन गतिविधियों को नया विस्तार भी मिलेगा।

सड़क और मूलभूत सुविधाओं का अभाव

आपको बता दें कि, जिले में एक दर्जन से अधिक पर्यटन स्थल मौजूद हैं, लेकिन सड़क और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में वे अभी पर्यटन मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान नहीं बना पा रहे हैं। कई स्थलों तक पहुंचने में पर्यटकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यही कारण है कि, ये अबतक बियाबान बने हुए हैं।

स्वदेश दर्शन योजना से होगा उद्धार

जिले के कई पर्यटन स्थल केंद्रीय पुरातत्व विभाग और राज्य पर्यटन निगम के अधीन आते हैं, जबकि कुछ स्थल अभी किसी विभाग में शामिल ही नहीं हैं। प्रशासन सभी स्थलों को विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है। स्वदेश दर्शन योजना के तहत पर्यटन विकास के लिए करोड़ों रुपए की राशि उपलब्ध कराई जाती है। प्रशासन का मानना है कि, इस योजना के जरिए जिले को नई पर्यटन पहचान मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती भी मिलेगी।

होम स्टे पर विशेष फोकस

जिला पंचायत सीईओ सृजन वर्मा का कहना है कि, ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होम स्टे योजना पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति, खानपान और ग्रामीण जीवन शैली से जोड़ना है। इसके लिए गांवों और पर्यटन स्थलों के आसपास पारंपरिक घरों का चयन किया जा रहा है, जहां होम स्टे विकसित किए जा सकें। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकेंगे।

एप्रोच रोड और पर्यटकों के ठहरने की सुविधा होगी

वहीं, मामले को लेकर बुरहानपुर कलेक्टर हर्ष सिंह ने बताया कि, मुख्यमंत्री के निर्देश पर पर्यटन विकास की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसमें प्रमुख पर्यटन स्थलों तक एप्रोच रोड और पर्यटकों के ठहरने की सुविधाओं को शामिल किया गया है।