Kiara Advani News: बॉलीवुड अभिनेत्री कियारा आडवाणी का गुस्सा फूट पड़ा है। उन्होंने समान के उस वर्ग पर निशाना साधा है जो मां बनने के बाद महिलाओं के शरीर पर बाते करते हैं। उन्होंने कहा कि पहले उसी औरत को देवी कहा जाता है फिर डिलीवरी के बाद मोटी कहने लगते हैं। पूरी खबर पढ़ें…
Kiara Advani comments on pregnancy and looks: बॉलीवुडकी खूबसूरत और टैलेंटेड अभिनेत्रियों में शुमार कियारा आडवाणी अक्सर अपने शानदार अभिनय और फिल्मों को लेकर चर्चा में रहती हैं। लेकिन इस बार कियारा ने एक बेहद संवेदनशील और जरूरी मुद्दे पर अपना गुस्सा उतारा है। हाल ही में कियारा ने मां बनने के बाद महिलाओं को समाज में जिन कड़वे अनुभवों और अजीब उम्मीदों का सामना करना पड़ता है, उस पर खुलकर बात की। उन्होंने इस बात पर गहरा दुख जताया कि कैसे एक महिला के मां बनते ही समाज का नजरिया प्रेग्नेंसी का जश्न मनाने से हटकर, सीधे उसके लुक्स को परखने और काम पर लौटने के दबाव में बदल जाता है।
इंटरव्यू के दौरान कियारा ने बच्चे के जन्म के बाद महिलाओं पर बनाए जाने वाले मानसिक दबाव का जिक्र करते हुए कहा, "जब एक महिला प्रेग्नेंट होती है, तो हर कोई उसकी तारीफ करता है। लोग कहते हैं, 'अरे वाह! आप तो बहुत ग्लो कर रही हैं, आप कितनी अच्छी लग रही हैं।' हर कोई आपका ख्याल रखता है और आपको किसी देवी की तरह माना जाता है। लेकिन जैसे ही बच्चा पैदा होता है, समाज का यह सारा प्यार और रवैया अचानक बदल जाता है।"
कियारा ने आगे कहा, "बच्चे के जन्म के तुरंत बाद लोग तारीफ करना बंद कर देते हैं और कमियां निकालने लगते हैं। लोग कहने लगते हैं— 'अब तो ये मोटी लग रही है, थोड़ी ऐसी लग रही है, थोड़ी वैसी लग रही है।' इसके साथ ही लोग यह सवाल भी दागने लगते हैं कि वह काम पर कब वापस लौटेगी।"
कियारा आडवाणी ने इस बात पर जोर दिया कि असल में एक महिला के जीवन का सबसे कठिन दौर बच्चे के जन्म के बाद शुरू होता है। यही वह समय होता है जब उसे शारीरिक और मानसिक रूप से सबसे ज्यादा सहारे की जरूरत होती है। उन्होंने एक बेहद पुरानी और मशहूर कहावत का जिक्र करते हुए कहा, "अक्सर कहा जाता है कि एक बच्चे को पालने-पोसने के लिए पूरे गांव की जरूरत होती है। लेकिन सच तो यह है कि एक नई मां को संभालने और उसे दोबारा संवारने के लिए भी पूरे गांव की जरूरत होती है।"
कियारा का मानना है कि मां बनना सिर्फ एक बच्चे को दुनिया में लाना और उसे पालना नहीं है, बल्कि यह उस महिला को भी पूरा मानसिक सपोर्ट देने के बारे में है जो अब अपनी जिंदगी में एक बिल्कुल नई भूमिका अपना रही है। उसे यह समझने के लिए वक्त और सहारे की जरूरत होती है कि वह अपनी असली पहचान और मां, बेटी और पत्नी की भूमिकाओं के बीच संतुलन कैसे बनाएगी। वहीं, कुछ समय पहले कियारा ने एक बेबाक बयान दिया था कि वह अपनी बेटी को एक नहीं कई लड़कों को डेट करने देगी। जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया था।
आपको बता दें कि कियारा और उनके पति सिद्धार्थ मल्होत्रा के घर पिछले साल 15 जुलाई, 2025 को एक नन्हीं परी का जन्म हुआ था, जिसका नाम उन्होंने 'सारायाह' रखा है। मां बनने के खूबसूरत अहसास के बाद कियारा अब काम पर लौटने के लिए भी तैयार हैं। वे जल्द ही मच-अवेटीड फिल्म 'टॉक्सिक' (Toxic) में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में उनके साथ साउथ सुपरस्टार यश मुख्य भूमिका में होंगे। इसके अलावा फिल्म में हुमा कुरैशी, नयनतारा और तारा सुतारिया जैसी दिग्गज अभिनेत्रियां भी अहम किरदारों में दिखाई देंगी। कियारा का यह इंटरव्यू सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है और कई महिला फैंस उनके इस नजरिए से खुद को जोड़कर देख रही हैं।