# बॉलीवुड

अमेरिका में भारतीय कपल के खिलाफ नस्लभेद टिप्पणी पर भड़के गुरमीत चौधरी, बोले- हम अपमान सहते रहे, अब बहुत हुआ

Gurmeet Choudhary On US Racism Row: अमेरिका में भारतीयों के साथ कथित नस्लभेद की और एक घटना ने इस वक्त सोशल मीडिया पर नया विवाद खड़ा कर दिया है। इस पूरे मामले पर अब टीवी और फिल्म अभिनेता गुरमीत चौधरी ने अपना गुस्सा जाहिर किया है। गुरमीत चौधरी ने क्या कुछ कहा है, चलिए जानते हैं।

2 min read
Gurmeet Choudhary On US Racism Row (सोर्स- एक्स)

Gurmeet Choudhary On US Racism Row: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक भारतीय कपल अमेरिका की सड़कों पर नजर आ रहा है। इस वीडियो में उनके साथ नस्लभेद की घटना होने की बात कही जा रही है। वायरल होते ही अब अभिनेता गुरमीत चौधरी ने इस मामले पर अपना रिएक्शन दिया है।

वायरल वीडियो पर भड़के गुरमीत चौधरी

दरअसल वायरल हो रहे वीडियो में भारतीय कपल से कुछ ऐसे सवाल किए जा रहे हैं जिन्हें लोग अब नस्लवाद और अपमानजनक बता रहे हैं। अब इसी वीडियो को शेयर करते हुए गुरमीत चौधरी ने सख्त प्रतिक्रिया दी है।

गुरमीत बोले- हम अपमान सहते रहे

गुरमीत चौधरी ने इंस्टाग्राम पर लिखा- 'दुनिया के किसी भी कोने में भारतीयों के खिलाफ नस्लवाद को अब सामान्य नहीं माना जा सकता। सालों तक कई लोग चुप रहे, अपमान सहते रहे और आगे बढ़ते रहे। लेकिन सम्मान कोई विकल्प नहीं होता।'

उन्होंने आगे लिखा- 'भारतीय अपनी मेहनत, प्रतिभा, बुद्धिमत्ता और इंसानियत से पूरी दुनिया में योगदान देते हैं। हमें भी वही सम्मान और गरिमा मिलनी चाहिए, जिसके हकदार बाकी सभी लोग हैं। ये किसी देश या लोगों के खिलाफ नहीं है, ये नस्लवाद के खिलाफ है। अब बहुत हो चुकी चुप्पी। सम्मान के लिए आवाज उठाइए। इंसानियत के साथ खड़े रहिए।'

वीडियो में क्या आया नजर?

वीडियो में एक स्थानीय शख्स कपल से सवाल करता नजर आया कि क्या वो भारत से हैं। इसके बाद जब दंपति ने हां कहा तो उस इंसान ने दोनों देशों की तुलना करते हुए पूछा कि दोनों देशों में से कौन सा देश बेहतर है। इसके बाद कपल ने कहा कि दोनों ही देशों की अपनी-अपनी खासियत है। कपल ने कहा कि भारत में उनका परिवार है इसलिए उनकी भावनाएं जुड़ी हुई हैं।

इसके बाद शख्स ने हदें पार करते हुए कहा कि अगर भारत इतना ही अच्छा लगता है तो वो अमेरिका में क्या रह रहे हैं। इतना ही नहीं उसने उन्हें अपने देश लौट जाने तक की बात कह दी। इस दौरान कपल ने बेहद संयम बनाए रखा और किसी तरह की बहस में पड़ने से बचते रहे।