Aamir Khan To Marry Girlfriend Gauri Spratt: बॉलीवुड के फेमस एक्टर आमिर खान जल्द ही गौरी स्प्रैट से शादी कर सकते हैं। दोनों की सगाई और शादी को लेकर घर में ही एक निजी समारोह आयोजित करने की चर्चा जोरों पर है।
Aamir Khan To Marry Girlfriend Gauri Spratt: बॉलीवुड एक्टर आमिर खान एक बार फिर अपनी प्राइवेट लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। खबरों के अनुसार, आमिर खान और उनकी पार्टनर गौरी स्प्रैट जल्द ही शादी के बंधन में बंध सकते हैं। खबरों के अनुसार, दोनों 5 जुलाई को एक निजी समारोह में शादी करने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि, इस बारे में अभी तक आमिर या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
आमिर खान ने पिछले साल अपने 60वें जन्मदिन के मौके पर पहली बार गौरी स्प्रैट को सार्वजनिक रूप से मीडिया से मिलवाया था। इसके बाद उन्होंने अपने रिश्ते को एक्सेप्ट करते हुए बताया था कि दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते हैं। आमिर ने ये भी कहा था कि उन्होंने अपने रिश्ते को करीब डेढ़ साल तक मीडिया की नजरों से दूर रखा। बता दें, गौरी स्प्रैट मूल रूप से बेंगलुरु की रहने वाली हैं। उन्होंने फैशन और स्टाइलिंग के क्षेत्र में पढ़ाई की है और फिलहाल वो मुंबई में अपना खुद का बिजनेस संभाल रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गौरी एक बच्चे की मां भी हैं। पिछले कुछ समय में उन्हें कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में आमिर खान के साथ देखा गया है।
इतना ही नहीं, आमिर खान की प्राइवेट लाइफ पहले भी काफी चर्चा में रही है। उनकी पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी, जिनसे उनके 2 बच्चे हैं, जुनैद और इरा खान। दरअसल, शादी के कई सालों बाद दोनों अलग हो गए। इसके बाद आमिर ने फिल्म निर्माता किरण राव से शादी की। दोनों का एक बेटा आजाद है, जिसकी परवरिश वे आज भी मिलकर कर रहे हैं। साल 2021 में आमिर और किरण ने अलग होने का फैसला किया था, लेकिन दोनों के बीच दोस्ताना रिश्ता आज भी कायम है।
आमिर खान ने गौरी के बारे में हाल ही में एक इंटरव्यू में बताया कि उनकी जिंदगी में गौरी के आने से उन्हें खुशी और सुकून मिला है। उन्होंने माना कि गौरी के साथ वो बेहद सहज और संतुलित महसूस करते हैं। आमिर ने ये भी कहा कि वो खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि उन्हें जीवन में फिर से प्यार मिला। फिलहाल आमिर खान और गौरी स्प्रैट की संभावित शादी को लेकर फैंस में काफी उत्सुकता है।