# बिलासपुर

Chhattisgarh Crime: सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या, जेवर लूटकर हुए फरार, इलाके में फैली सनसनी

Crime news: भीड़भाड़ वाले साप्ताहिक बाजार में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से सर्राफा व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है।

2 min read

Chhattisgarh Crime: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के पेंड्रा थाना अंतर्गत कोटमी साप्ताहिक बाजार में मंगलवार शाम को एक सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या और लूट की वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पल्सर बाइक पर सवार तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने भरे बाजार में घुसकर इस खूनी वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, पेंड्रा निवासी सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी उर्फ पप्पू पिता राजकुमार सोनी हमेशा की तरह कोटमी बाजार में सोने-चांदी की दुकान लगाने पहुंचे थे।

Chhattisgarh Crime: गोली चलने से मची अफरा तफरी

दिनभर व्यापार करने के बाद शाम को जब वे दुकान समेटने की तैयारी में थे, तभी अचानक बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने प्रदीप सोनी के सीने पर सीधे गोली मार दी। गोली लगते ही व्यापारी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। बीच बाजार में गोली चलने से वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों और साथी व्यापारियों की मदद से गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सोने-चांदी के जेवरात लूटकर भागे

बताया जा रहा है कि आरोपी दुकान से सोने-चांदी के जेवरात लूटकर भागे हैं, हालांकि कुल कितनी रकम या जेवरों की लूट हुई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। नाकेबंदी कर फुटेज खंगाल रही पुलिसवारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को घटनास्थल से एक कारतूस मिला है। पुलिस ने क्राइम सीन को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए जिलेभर में नाकेबंदी की गई है और बाजार व आसपास के रास्तों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

दिनदहाड़े घटना से लोगों में आक्रोश

भीड़भाड़ वाले साप्ताहिक बाजार में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से सर्राफा व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। नाराज परिजनों, सर्राफा एसोसिएशन और स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल से शव को ले जाकर पेंड्रा के व्यस्त दुर्गा चौक चौराहे पर रख दिया और चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर जमकर नारेबाजी करते हुए हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े रहे।

महज कुछ कदमों पर है पुलिस चौकी

पीड़ित परिवार और सर्राफा व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन पर संगीन आरोप लगाते हुए कहा कि कोटमी हाट-बाजार में हर हफ्ते 10 से 15 सर्राफा व्यापारी दुकान लगाने आते हैं। बाजार से महज कुछ कदमों की दूरी पर पुलिस चौकी है, इसके बावजूद वहां सुरक्षा के लिए एक भी जवान तैनात नहीं रहता और न ही पुलिस की गश्त होती है। व्यापारियों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि सुरक्षा देने के बजाय पुलिस आए दिन मामूली बातों पर सर्राफा व्यापारियों को परेशान करती है।