# बीकानेर

सोशल मीडिया पर ज्योतिष गुरु बन युवतियों से 60 लाख की ठगी, जयपुर से एक आरोपी गिरफ्तार

Fake Astrologer Scam: सोशल मीडिया पर ज्योतिष गुरु, किन्नर गुरु मां के रूप में फर्जी अकाउंट बनाकर उस पर संपर्क करने वाले युवक, युवतियों को ठगने वाले गिरोह से जुड़े एक और आरोपी विकास भार्गव को साइबर क्राइम ब्रांच की टीम ने जयपुर से पकड़ा है।

2 min read
फर्जी ज्योतिष गुरु बन ठगी का आरोपी अरेस्ट, पत्रिका फोटो

Fake Astrologer Scam: सोशल मीडिया पर ज्योतिष गुरु, किन्नर गुरु मां के रूप में फर्जी अकाउंट बनाकर उस पर संपर्क करने वाले युवक, युवतियों को ठगने वाले गिरोह से जुड़े एक और आरोपी विकास भार्गव को साइबर क्राइम ब्रांच की टीम ने पकड़ा है। आरोपी को पुलिस ने जयपुर शहर से पकड़ा गया जो बीकानेर शहर में भार्गव मोहल्ला क्षेत्र का रहने वाला है। अदालत ने आरोपी से पूछताछ के लिए 4 दिन का रिमांड मंजूर किया है। आरोपी से पूछताछ में 60 लाख की ठगी का खुलासा हुआ है।

फोटो एडिट कर किया ब्लैकमेल

साइबर क्राइम ब्रांच के अनुसार इस मामले में पहले राजस्थान के बीकानेर के भार्गव मोहल्ला निवासी रजनीश भार्गव को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच के आधार पर जयपुर से विकास को पकड़ा। इस मामले में एक और आरोपी रवि भार्गव फरार है, जो बीकानेर में गोपेश्वर बस्ती का रहने वाला है।

क्राइम ब्रांच में दर्ज मामले में पीड़िता का आरोप है कि उसने एस्ट्रोलॉजर पूजा मां नाम के अकाउंट पर दिए नंबर पर संपर्क किया। विधि और वशीकरण के नाम पर उससे फोटो मंगाए। फिर फोटो को एडिट कर उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करते हुए उसका आपत्तिजनक अवस्था का वीडियो स्क्रीन रेकॉर्ड करते हुए बना लिया। वीडियो वायरल करने के नाम पर उससे 1.43 लाख रुपए ठग लिए थे।

सोशल मीडिया पर बनाए थे कई फर्जी अकाउंट

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने युवक, युवतियों को ठगने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम, फेसबुक पर कई फर्जी अकाउंट बनाए थे। जिसमें एस्ट्रोलॉजर पूजा किन्नर मां, एस्ट्रोटॉक बिथ भेरवलाल, किन्नरगुरुमांसुशीलाजी, आचार्य विकासशास्त्री, अघोरीबालकनाथ, कन्नर मां संतोषदेवी, तिशांक शास्त्री, एस्ट्रो सूर्य प्रकाश शास्त्री जैसे अकाउंट इंस्टाग्राम पर बनाए थे, जबकि फेसबुक पर ओम महाकाल ज्योतिषी, किन्नर मां संतोष देवी नाम से अकाउंट बनाए थे।

दो साल में 60 लाख के ट्रांजेक्शन

साइबर क्राइम ब्रांच के मुताबिक जांच में सामने आया कि आरोपियों के अलग अलग बैंक अकाउंट में बीते दो सालों में 60 लाख रुपए के ट्रांजेक्शन मिले हैं। एक महीने में 300 मोबाइल नंबरों पर इन्होंने संपर्क किया है। 65 से ज्यादा लोगों के साथ ठगी की होने की बात सामने आई है। यह 18 से 35 साल की महिला व पुरुषों को निशाना बनाते थे। लव प्रोबलेम, एस्ट्रोलॉजी सेट कर ऑनलाइन एड भी करते थे।