# भोपाल

ड्रग एडिक्ट है समर्थ, नशे के बिना नहीं रह सकता, दामाद पर बरसे ट्विशा के पिता

Twisha Sharma Case- ट्विशा शर्मा के पिता ने दामाद समर्थ को बताया ड्रग एडिक्ट, सुप्रीम कोर्ट में मामले की सुनवाई के पहले दोनों पक्षों में आरोप-प्रत्यारोपों का तगड़ा दौर चला

2 min read
Twisha Sharma case

Twisha Sharma Case - एक्ट्रेस मॉडल ट्विशा शर्मा की भोपाल में ससुराल में हुई संदिग्ध मौत का मामला देशभर में सुर्खियों में है। करीब 15 दिन बाद भी इसपर चर्चा थम नहीं रही है। मामले की जांच अब सीबीआई के सुपुर्द कर दी गई है और उसने अपना काम शुरु भी कर दिया है। ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत पर कुछ ऐसा विवाद उठा था कि देश की शीर्ष अदालत को भी आगे आना पड़ा था। सुप्रीम कोर्ट ने खुद संज्ञान लेकर सुनवाई की थी। सोमवार को सीजेआई सूर्यकांत ने मामले की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों से बयान देने में संयम बरतने का खासतौर पर आग्रह किया था। दरअसल, 12 मई को ट्विशा की मौत होने के तुरंत बाद से ही उसके मायके पक्ष और ससुरालवाले आमने सामने आ गए थे। दोनों पक्षों ने हमलावर रुख अपनाते हुए कई संगीन इल्जाम लगाए थे। भोपाल की पूर्व जिला जज सास गिरिबाला सिंह ने अपने बचाव में जब बहू पर गांजे का सेवन करने का आरोप लगाया तो उसके पिता नवनिधि शर्मा ने तुरंत पलटवार किया। उन्होंने अपने दामाद समर्थ सिंह को ही ड्रग एडिक्ट करार दिया और कहा कि वह नशे के बिना रह नहीं सकता।

ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में पूर्व जज और सास गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत मिली थी जिसे रद्द करने की मांग की जा रही है। पिता नवनिधि शर्मा और मध्यप्रदेश सरकार ने इसपर आपत्ति दर्ज कराई है। ट्विशा के पिता की याचिका पर 25 मई को हाईकोर्ट में सुनवाई में सास गिरिबाला सिंह की ओर से जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा था। इसपर कोर्ट ने दो दिन का वक्त दे दिया था। अब बुधवार को हाईकोर्ट में याचिका पर दोबारा सुनवाई होगी।

सुप्रीम कोर्ट ने भी स्वत: संज्ञान लेकर मामले की 25 मई को सुनवाई की थी। तब चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने मीडिया को पीड़ितों के बयानों के पीछे न भागने की बात कही थी। उन्होंने दोनों पक्षों को भी जल्दबाजी में बयान न देने हिदायत दी थी ताकि जांच प्रभावित न हो।

चीफ जस्टिस सूर्यकांत की चिंता की बड़ी वजह भी है। सुप्रीम कोर्ट में मामले की सुनवाई के पहले दोनों पक्षों का आरोप-प्रत्यारोपों का तगड़ा दौर चला था। सास ​गिरिबाला सिंह और ट्विशा के परिजन मीडिया में एक दूसरे पर जमकर जुबानी हमला करते रहे।

समर्थ सिंह के खिलाफ नशीले पदार्थों से जुड़ा मामला भी दर्ज किया जाना चाहिए

ट्विशा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा ने इस दौरान अपने दामाद समर्थ सिंह ड्रग एडिक्ट बताया। उन्होंने कहा था कि दामाद नशीले पदार्थों का बहुत ज्यादा आदी है। नवनिधि शर्मा ने अपनी बेटी को सास द्वारा ड्रग्स एडिक्ट बताने संबंधी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि दामाद समर्थ सिंह के खिलाफ नशीले पदार्थों से जुड़ा मामला भी दर्ज किया जाना चाहिए।