Twisha Sharma case- सीबीआई बना रही ट्विशा शर्मा का डिजिटल अवतार, वारदात के समय के उसके हर मूवमेंट का किया जा सकेगा विश्लेषण
Twisha Sharma - ट्विशा शर्मा केस में आज का दिन भी हलचल भरा रहेगा। उनकी सास पूर्व जज गिरिबाला सिंह सीबीआई की हवालात मेें हैं जिन्हें आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। रिमांड मांगने के साथ ही जांच अधिकारी आगे की तैयारियों में जुट गए हैं। सीबीआई आज मां बेटे यानि पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह को आमने सामने बैठाकर भी पूछताछ करेगी। इस बीच सीबीआई एक बड़ी कवायद में जुटी है। इस उलझे केस की जांच के लिए नवीनतम तकनीक का इस्तेमाल कर रही है। इसके अंतर्गत ट्विशा शर्मा का डिजिटल अवतार बनाया जा रहा है। इससे वारदात के समय के उसके हर मूवमेंट का गहराई से विश्लेषण किया जा सकेगा।
केंद्रीय जांच एजेंसी के जांच अधिकारियों ने ट्विशा के गर्भवती होने के बाद के क्रियाकलापों पर भी अपना फोकस किया है। इसके लिए आरोपी पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह से लगातार पूछताछ की। हकीकत जानने के लिए दोनों से एक ही सवाल कई बार घुमाफिराकर भी पूछे गए हालांकि इससे कुछ नया हासिल नहीं हो सका है।
ट्विशा शर्मा के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताडऩा के आरोप लगाए हैं। पिता नवनिधि शर्मा और भाई हर्षित शर्मा ने बार बार यह बात कही। इस संबंध में दोनों ने ट्विशा के वाट्सऐप चैट में लिखी बातों का जिक्र किया। सीबीआई ने समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह से इस बारे में भी खासी पूछताछ की है। सूत्रों के मुताबिक, दोनों ने इससे स्पष्ट इंकार किया है।
इस बीच सीबीआई के जांच अधिकारियों ने बड़ा कदम उठाया है। सीबीआई अब ट्विशा का डिजिटल अवतार तैयार कर रही है। तीन मंजिला मकान में बन रहा यह प्रतिरूप में जांच में काफी मददगार साबित होगा। इससे वारदात के वक्त का ट्विशा का हर मूवमेंट समझा जा सकेगा। घर में उस समय कितने लोग मौजूद थे, वे कहां कहां थे और क्या कर रहे थे, इन सभी बातों का साफतौर पर समझा जा सकेगा जिससे मौत की गुत्थी सुलझाने में मदद मिलेगी।
जांच एजेंसी से संबंधित अधिकारी के अनुसार कुल मिलाकर घटना वाली रात ट्विशा शर्मा के मूवमेंट का डिजिटल ट्रैक तैयार किया गया है। घटना से तुरंत पहले वह कहां थी, अन्य परिजन तब क्या कर रहे थे, यह समझने की कोशिश की जा रही है। इससे ट्विशा के अंतिम पलों का राज सामने आएगा।