# भोपाल

पार्टी छोड़कर बीजेपी में आना चाहते हैं कांग्रेस के कई विधायक, एमपी में एमएलए के दावे से मची खलबली

MP BJP- पटवारी से उनके नेता परेशान, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर भाजपा का पलटवार, पटवारी की कार्यशैली पर उठाया सवाल

2 min read
Hemant Khandelwal and Malini Gaud attack Jitu Patwari

Malini Gaud- कांग्रेस के नेता जीतू पटवारी से परेशान हैं। उनके कई विधायक पार्टी छोड़कर भाजपा में आना चाहते हैं। इंदौर में बीजेपी की विधायक मालिनी गौड़ ने यह दावा किया। उनके इस बयान पर राजनैतिक गलियारों में खलबली मच गई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा मीडिया को दिए एक बयान पर प्रदेश में सियासी भूचाल मचा है। उसकी प्रतिक्रिया में भाजपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल Hemant Khandelwal सहित पार्टी की विधायक मालिनी गौड़ Malini Gaud ने भी जीतू पर जमकर तंज कसे। विधायक गौड़ ने कहा, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से उनकी पार्टी के नेता व विधायक परेशान हैं। कई कांग्रेस विधायक तो भाजपा में आने के लिए संपर्क कर रहे है। उन्होंने कहा, सीएम के कार्यों से पार्टी और जनता खुश है।

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शुक्रवार को इंदौर पहुंचे। वे निर्धारित कार्यक्रम में शामिल हुए। हेमंत खंडेलवाल ने पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने विधायकों से भी चर्चा की।

बात गौर करना जरूरी नहीं: हेमंत

इंदौर में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मीडिया से भी बातचीत की। उन्होंने जीतू पटवारी के बयान पर कहा कि वे उतनी गंभीरता से बात नहीं करते हैं, जितनी करनी चाहिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा, इसलिए उनकी हर बात पर गौर करना जरूरी नहीं है।

पटवारी के इस बयान से मचा सियासी बवाल

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा का एक भी विधायक मुख्यमंत्री की कार्यशैली से खुश नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अगर आज ईमानदारी से भाजपा विधायकों की रायशुमारी करा ली जाए, तो बहुमत से अधिक विधायक मुख्यमंत्री को हटाने के लिए बेचैन बैठे हैं।

जीतू पटवारी ने अपने बयान और कार्यों को विरोधी दल के प्रदेशाध्यक्ष के रूप में अपना कर्तव्य भी निरूपित किया। उन्होंने कहा कि वे सीएम को सिर्फ उनकी किसानों, महिलाओं, कानून व्यवस्था के लिए जिम्मेदारी याद दिलाते रहते हैं।

प्रमुख बिंदु

जीतू पटवारी से उनके नेता परेशान
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर पलटवार
भाजपा ने पटवारी की कार्यशैली पर उठाया सवाल
हेमंत खंडेलवाल और मालिनी गौड़ ने घेरा
जीतू पटवारी को अगंभीर बताया
कहा- कई एमएलए बीजेपी में आना चाहते हैं
हमारे नेताओं से कर रहे संपर्क