SchoolEducation: माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा द्वितीय अवसर परीक्षा का आयोजन 8 जुलाई से किया जाएगा, जिसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
Chhattisgarh Board Exam: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने 10वीं और 12वीं की द्वितीय अवसर परीक्षा की समय-सारिणी जारी कर दी है। बोर्ड परीक्षा में अनुत्तीर्ण रहे विद्यार्थियों के साथ-साथ अपने अंक और श्रेणी सुधारने के इच्छुक विद्यार्थियों को भी इसमें शामिल होने का अवसर मिलेगा। जिले में इन परीक्षाओं के लिए 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
द्वितीय अवसर परीक्षा की शुरुआत आठ जुलाई से कक्षा 12वीं की परीक्षा के साथ होगी, जबकि कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों की पहली परीक्षा नौ जुलाई को होगी। परीक्षाएं 22 जुलाई तक संचालित की जाएंगी। परीक्षा में सफल होने के लिए विद्यार्थियों को प्रत्येक विषय में न्यूनतम 33 अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। प्रवेश पत्र जुलाई के प्रथम सप्ताह में जारी किए जाएंगे।
माशिमं की मुख्य परीक्षा में जिले से कक्षा 10वीं के 16,745 विद्यार्थी शामिल हुए थे, जिनमें 1,778 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण रहे। वहीं कक्षा 12वीं में परीक्षा देने वाले 13,498 विद्यार्थियों में से 546 विद्यार्थी सफल नहीं हो सके। वहीं करीब 1900 विद्यार्थी श्रेणी सुधार के लिए परीक्षा देंगे। इस तरह कुल चार हजार विद्यार्थियों को द्वितीय अवसर परीक्षा का लाभ मिलेगा।
12वीं
8 जुलाई हिंदी
10 जुलाई अंग्रेजी
11 जुलाई संस्कृत
13 जुलाई इतिहास, व्यवसाय अध्ययन
कृषि विज्ञान, गणित, ड्राइंग
15 जुलाई भूगोल, भौतिकशास्त्र
16 जुलाई समाजशास्त्र
17 जुलाई राजनीति विज्ञान, रसायनशास्त्र, लेखाशास्त्र
18 जुलाई मनोविज्ञान
20 जुलाई रिटेल मार्केटिंग, आईटी, बैंकिंग एवं वित्त
21 जुलाई गणित, कंप्यूटर एप्लीकेशन
भारतीय संगीत, स्टेनो टाइपिंग
22 जुलाई जीव विज्ञान, अर्थशास्त्र
10वीं
9 जुलाई गणित
11 जुलाई हिंदी
14 जुलाई अंग्रेजी
15 जुलाई व्यावसायिक पाठ्यक्रम
16 जुलाई विज्ञान
18 जुलाई सा. विज्ञान
20 जुलाई संस्कृत
विद्यार्थियों के अंक यदि पहले की तुलना में नहीं बढ़ते हैं तो उनकी मूल मार्कशीट ही मान्य रहेगी। बोर्ड ने विद्यार्थियों को अपनी आवश्यकता के अनुसार एक, एकाधिक या सभी विषयों की परीक्षा देने की छूट दी है। उल्लेखनीय है कि माशिमं ने पूर्व की पूरक परीक्षा (सप्लीमेंट्री) व्यवस्था समाप्त कर द्वितीय अवसर परीक्षा प्रणाली लागू की है।