# बेमेतरा

शराब की बोतलों पर CM और मंत्री की फोटो लगाने की मांग, सुशासन तिहार का अनोखा आवेदन Viral

Bilaspur News: ग्रामीण ने मांग की है कि जिस तरह सरकारी योजनाओं और प्रचार सामग्री में मुख्यमंत्री और मंत्रियों की तस्वीरें लगाई जाती हैं, उसी तरह शासकीय शराब की बोतलों पर भी CM और आबकारी मंत्री की फोटो लगाई जानी चाहिए।

2 min read
सुशासन तिहार का अनोखा आवेदन वायरल (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Sushasan Tihar 2026: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। मुंगेली नगर पालिका क्षेत्र में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के समाधान शिविर में एक ग्रामीण ने ऐसी मांग रख दी, जिसकी अब पूरे इलाके में चर्चा हो रही है।

ग्रामीण ने आवेदन देकर मांग की है कि जिस तरह शासन की योजनाओं और सरकारी सामग्रियों पर मुख्यमंत्री व मंत्रियों की तस्वीरें लगाई जाती हैं, उसी प्रकार शासकीय शराब की बोतलों पर भी मुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री की फोटो प्रकाशित की जानी चाहिए।

समाधान शिविर में सौंपा आवेदन

जानकारी के अनुसार, तखतपुर नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 3 में शुक्रवार को सुशासन तिहार के तहत समाधान शिविर लगाया गया था। इसी दौरान ग्रामीण परमेश्वर सिंह ठाकुर ने अधिकारियों को एक लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की कई योजनाओं, राशन सामग्री, प्रचार-प्रसार सामग्री और अन्य सरकारी योजनाओं में मुख्यमंत्री सहित संबंधित मंत्रियों की तस्वीरें प्रमुखता से लगाई जाती हैं। ऐसे में शराब, जो शासन द्वारा अधिकृत रूप से बेची जाती है, उसकी बोतलों पर भी मुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री की तस्वीरें लगाई जानी चाहिए।

ग्रामीण की इस मांग ने शिविर में मौजूद अधिकारियों और लोगों को भी हैरान कर दिया। आवेदन सामने आने के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई और देखते ही देखते यह मामला सोशल मीडिया पर भी वायरल होने लगा।

अधिकारियों ने कही नियमानुसार कार्रवाई की बात

इस संबंध में संबंधित अधिकारियों ने आवेदन मिलने की पुष्टि की है। अधिकारियों का कहना है कि प्राप्त आवेदन को नियमानुसार वरिष्ठ कार्यालय भेजा जाएगा। हालांकि, फिलहाल इस पर किसी प्रकार का निर्णय नहीं लिया गया है, लेकिन यह मांग लोगों के बीच चर्चा और बहस का विषय जरूर बन गई है।

बेमेतरा में भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से इसी तरह का मामला सामने आया था। जिला बेमेतरा के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुंवारा निवासी सतीश मारकंडे ने भी आबकारी विभाग को एक अनोखा आवेदन सौंपा था।

अपने आवेदन में सतीश मारकंडे ने मांग की थी कि शासन की विभिन्न योजनाओं, प्रचार सामग्री और सरकारी व्यवस्थाओं में मुख्यमंत्री व प्रभारी मंत्री की तस्वीरें लगाई जाती हैं। ऐसे में शासकीय शराब की बोतलों पर भी मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्री की तस्वीर प्रकाशित की जानी चाहिए। उन्होंने आवेदन में यह भी उल्लेख किया था कि यदि सरकारी योजनाओं और अन्य प्रचार सामग्रियों में जनप्रतिनिधियों की तस्वीरों का उपयोग किया जा सकता है, तो शासन द्वारा संचालित अन्य उत्पादों और सेवाओं में भी समान व्यवस्था लागू होनी चाहिए।

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे आवेदन

बेमेतरा और अब बिलासपुर में सामने आए इन आवेदनों ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। कई लोग इसे व्यंग्यात्मक विरोध के तौर पर देख रहे हैं, तो कुछ लोग इसे सरकारी प्रचार-प्रसार के तरीके पर सवाल उठाने वाला कदम बता रहे हैं। वहीं कुछ लोग इस पूरे मामले को अनोखी मांग और चर्चा बटोरने की कोशिश के रूप में भी देख रहे हैं।

फिलहाल दोनों ही मामलों में प्रशासनिक स्तर पर आवेदन स्वीकार कर लिए गए हैं, लेकिन इन मांगों को लेकर अब प्रदेशभर में चर्चाओं का दौर जारी है।