# बड़वानी

MP में 100 रुपए के लिए किसान ने गवाई जान, युवकों ने लात-घूंसों से मारकर की हत्या

MP news: मध्य प्रदेश में तीन युवकों ने मिलकर किसान को लात-घूंसों से इतना मारा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

2 min read
Farmer killed for 100 rupees in barwani (फोटो- Patrika.com)

MP news: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में सनसनीखेज वारदात ने हड़कंप मचा दिया। महज 100 रुपए की उधारी के विवाद में रविवार रात एक किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। तीन युवकों ने मिलकर किसान को लात-घूंसों से इतना मारा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। वहीं पुलिस ने फरार तीनों आरोपियों को हिरासत मे ले लिया है।

बस 100 रुपए के लिए की हत्या

पाटी थाना क्षेत्र के ग्राम जमरिया फलिया निवासी 35 वर्षीय कृषक फूलसिंह की बेरहमी से हत्या की गई। पुलिस ने बताया कि किसान फूलसिंह ने आरोपी मनीष को 100 रुपए उधार दिए थे। जिसे फूलसिंह द्वारा वापस मागने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी मनीष पिता काशीराम और उसके साथी वीरेंद्र सोलंकी व रणछोड़ ने किसान के साथ मारपीट शुरू कर दी। तीनों ने किसान फूलसिंह के सिर, सीने और गुप्तांग पर गंभीर वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी हुए फरार

घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे लेकिन कुछ समय पुलिस ने तीनो आरोपियों को दबोच लिया और उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रामदास यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामूली रकम के विवाद में हुई इस हत्या से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

तीनों आरोपी गिरफ्तार, हत्या का केस दर्ज

पाटी पुलिस ने हत्या कर फरार हुए मुख्य आरोपी मनीष पिता काशीराम के साथ वीरेंद्र सोलंकी और रणछोड़ को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपी पटेल फलिया क्षेत्र के निवासी है। इनके खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी रामदास यादव ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस अभी हत्या से जुड़े सभी सबूत इकट्ठा कर रही है।

सख्त करवाई की मांग

पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए, मृतक के भतीजे सीताराम ने कहा कि 'मेरे चाचा, फूल सिंह, उधार दिए गए पैसे लेने गए थे। चाचा ने जब युवकों से अपने पैसे मांगे तो उन पर बेरहमी से हमला किया गया, जिससे उनकी जान चली गई।' इस घटना के बाद मृतक का परिवार दुख में डूबा हुआ है। गांव वालों का कहना है कि महज 100 रुपये के लिए इतना जघन्य अपराध करने वाले लोग बहुत बेरहम हैं। उनकी मांग है कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।