Storm In Barmer: तेज तूफान और बारिश से बाड़मेर में भारी नुकसान हुआ, जहां कच्चे मकानों की दीवार ढहने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। वहीं एक महिला सहित छह लोग घायल हुए हैं।
बाड़मेर। जिले में सोमवार रात आए तेज तूफान और बारिश से भारी नुकसान हुआ है। बोला ग्राम पंचायत के सबरी नगर गांव में कच्चे मकानों की दीवारें ढहने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित छह लोग घायल हो गए। तेज अंधड़ और बारिश के कारण कई इलाकों में बिजली व्यवस्था चरमरा गई, पेड़ और बिजली के पोल गिर गए तथा सड़कों पर पानी भरने से जनजीवन प्रभावित रहा। जानकारी के अनुसार सोमवार रात अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई।
यह वीडियो भी देखें
सबसे दर्दनाक हादसा बोला ग्राम पंचायत के सबरी नगर गांव में हुआ, जहां तेज तूफान के दौरान टीनशेड से बने एक कमरे की दीवार ढह गई। हादसे में खगेंद्र (8) पुत्र शेराराम मलबे के नीचे दब गया। ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी गांव में एक अन्य कच्चे कमरे की दीवार गिरने से खुमानाराम (3) पुत्र चनणाराम की भी मौत हो गई। अलग-अलग हादसों में एक महिला सहित छह लोग घायल हुए हैं। इसमें पिता-पुत्र मकान की दीवार गिरने से उसके मलबे में दब गए।
बता दें कि दिनभर गर्मी और उमस के बाद शाम होते-होते आसमान में घने बादल छा गए। इसके बाद तेज अंधड़ के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के दौरान लगातार बिजली चमकने और गर्जना होने से लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार बाड़मेर में 25.4 एमएम बारिश दर्ज की गई। रामसर क्षेत्र में कई जगह पेड़, पौधे और टहनियां सड़कों पर गिर गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। बख्ते की बेरी में कई मकानों के टीनशेड उड़कर खेतों में जा गिरे। रामसर बाजार में नालों पर रखे केबिन तेज हवा के कारण सड़कों पर पहुंच गए।
गडरारोड उपखंड क्षेत्र के कई गांवों में भी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। झणकली में बिजली लाइन टूट गई, जबकि जेसिदर और धोरीमन्ना में भी तेज आंधी के साथ बारिश हुई। गुहामालानी में मुख्य चौराहे पर होर्डिंग, बोर्ड और लोहे की चादरें उड़कर सड़कों पर आ गईं। चौहटन और धोरीमन्ना क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के पोल गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित रही। शहर के कई इलाकों में ट्रांसफार्मर प्रभावित होने से लंबे समय तक बिजली गुल रही। बारिश के बाद शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। सड़कों और गलियों में जलभराव होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। विद्युत विभाग और प्रशासन की टीमें व्यवस्था बहाल करने में जुटी रहीं।