Bareilly News: किला क्षेत्र में पूर्व पार्षद और कपड़ा कारोबारी सूर्य प्रकाश गुप्ता की तीसरी मंजिल से गिराकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित और मृतक के भाई विष्णु गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
Bareilly News: किला क्षेत्र में पूर्व पार्षद और कपड़ा कारोबारी सूर्य प्रकाश गुप्ता की तीसरी मंजिल से गिराकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित और मृतक के भाई विष्णु गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं घटना में नामजद उसके दोनों बेटे अभी भी फरार हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों ने अपने मोबाइल फोन भी बंद कर दिए हैं, जिससे पुलिस को उनकी लोकेशन नहीं मिल पा रही है।
मुरावपुरा निवासी सूर्य प्रकाश गुप्ता सिविल लाइंस स्थित फैशन प्लान नाम से रेडीमेड वस्त्रों का कारोबार करते थे। वह पूर्व में पार्षद भी रह चुके थे। परिवार के भीतर पैतृक मकान और संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने गुरुवार को खूनी मोड़ ले लिया।
मृतक के बेटे आशुतोष गुप्ता की तहरीर के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब 11 बजे उनके चाचा विष्णु गुप्ता घर पहुंचे और मकान खाली करने अथवा चार लाख रुपये देने का दबाव बनाने लगे। विरोध होने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि विष्णु गुप्ता ने हथौड़े से मकान तोड़ना शुरू कर दिया। जब सूर्य प्रकाश गुप्ता ने इसका विरोध किया तो विष्णु गुप्ता और उसके बेटों आयुष गुप्ता तथा कौशिक गुप्ता ने उन्हें तीसरी मंजिल से धक्का दे दिया। गंभीर रूप से घायल सूर्य प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने मामले में विष्णु गुप्ता, उसके दोनों बेटों समेत 10 लोगों के खिलाफ हत्या और साजिश सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विष्णु गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
घटना के बाद दोनों नामजद भतीजे फरार हो गए। गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने अपने मोबाइल भी बंद कर लिए हैं। पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का दावा है कि फरार आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद मुकदमे में नामजद वर्तमान पार्षद चंद्र प्रकाश गुप्ता के बेटे शिवा गुप्ता से जुड़ा एक कथित ऑडियो और वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल सामग्री में एक व्यक्ति को धमकाने और अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस भी इसकी जांच कर रही है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि हत्या के इस मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। नामजद फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।