# बरेली

बरेली पुलिस में बड़ा फेरबदल, SSP ने कोतवाली समेत कई थानों के प्रभारी बदले

जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए एसएसपी अनुराग आर्य ने शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल कर दिया। एक साथ 11 पुलिसकर्मियों के तबादले किए गए हैं। इस फेरबदल में आठ निरीक्षक और तीन उपनिरीक्षक शामिल हैं।

2 min read
एसएसपी अनुराग आर्य

बरेली।जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए एसएसपी अनुराग आर्य ने शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल कर दिया। एक साथ 11 पुलिसकर्मियों के तबादले किए गए हैं। इस फेरबदल में आठ निरीक्षक और तीन उपनिरीक्षक शामिल हैं। कोतवाली, साइबर थाना, भोजीपुरा, किला, हाफिजगंज और मीरगंज समेत कई अहम थानों के प्रभारी बदल दिए गए हैं। आदेश जारी होते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रहे निरीक्षक धनंजय कुमार पांडेय को हटाकर साइबर थाना का प्रभारी बनाया गया है। वहीं साइबर थाना प्रभारी कुंवर बहादुर सिंह को भोजीपुरा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भोजीपुरा थाना प्रभारी रहे राजीव कुमार सिंह अब शहर की सबसे अहम कोतवाली की कमान संभालेंगे।

किला, आंवला और फतेहगंज में भी बड़ा बदलाव

किला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह को आंवला कोतवाली भेज दिया गया है। पुलिस लाइन में तैनात उपनिरीक्षक अचल कुमार को किला थाना प्रभारी बनाकर भेजा गया है। शीशगढ़ थाने में निरीक्षक अपराध रहे राजकुमार सिंह को फतेहगंज पूर्वी थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। वहीं फतेहगंज पूर्वी थाना प्रभारी संतोष कुमार को हाफिजगंज थाने की जिम्मेदारी दी गई है। हाफिजगंज थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सोलंकी को शिकायत प्रकोष्ठ/आईजीआरएस भेजा गया है।

शिकायत प्रकोष्ठ और सर्विलांस सेल में भी फेरबदल

शिकायत प्रकोष्ठ में तैनात इंस्पेक्टर रवि कुमार को मीरगंज थाना प्रभारी बनाया गया है। मीरगंज के प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर को सर्विलांस सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। फतेहगंज पश्चिमी में तैनात उपनिरीक्षक प्रयागराज सिंह को वरिष्ठ उपनिरीक्षक थाना बहेड़ी बनाया गया है। जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने, रिक्त पदों को भरने और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है। सभी पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अनुपालन रिपोर्ट गोपनीय कार्यालय में जमा करने को कहा गया है।