# ऑटोमोबाइल

WPL चैंपियन RCB महिला टीम को बजाज का तोहफा, हर खिलाड़ी को मिला चेतक C25

WPL Champion RCB Women Team Bajaj Gift: विमेंस प्रीमियर लीग चैंपियन RCB महिला टीम को बजाज ऑटो का खास तोहफा। खिताबी जीत के बाद हर खिलाड़ी को नया इलेक्ट्रिक स्कूटर Bajaj Chetak C25 दिया गया।

2 min read
WPL Champion RCB Women Team Bajaj Gift (Image: Viral On X)

WPL Champion RCB Women Team Bajaj Gift: विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की महिला क्रिकेट टीम की इस उपलब्धि को खास अंदाज में सेलिब्रेट किया गया है। टीम की चैंपियन बनने की खुशी में बजाज ऑटो ने RCB महिला टीम की हर खिलाड़ी को अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर चेतक C25 तोहफे में देने का ऐलान किया है।

RCB की जीत पर बजाज ऑटो का सम्मान

RCB महिला टीम की WPL में जीत को यादगार बनाने के लिए बजाज ऑटो ने यह खास कदम उठाया है। गौरतलब है कि बजाज चेतक पूरे WPL सीजन में RCB महिला टीम का ऑफिशियल राइड पार्टनर रहा है। इसी साझेदारी के तहत कंपनी ने खिताबी जीत के बाद पूरी टीम को चेतक C25 स्कूटर गिफ्ट करने का फैसला किया है।

हाल ही में लॉन्च हुआ है चेतक C25

बजाज ऑटो ने हाल ही में भारतीय बाजार में अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर बजाज चेतक C25 लॉन्च किया है और इसकी बिक्री भी शुरू हो चुकी है। यह चेतक सीरीज का अब तक का सबसे किफायती मॉडल है, जिसे खासतौर पर युवाओं और शहरों में रोजमर्रा की आवाजाही करने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।

रेंज और परफॉर्मेंस

चेतक C25 में 2.5 kWh का बैटरी पैक दिया गया है। कंपनी के मुताबिक, यह स्कूटर एक बार फुल चार्ज होने पर 113 किलोमीटर तक की रेंज देता है (IDC प्रमाणित)। इसकी टॉप स्पीड 55 किलोमीटर प्रति घंटा है, जो शहरी इस्तेमाल के लिहाज से ठीक मानी जाती है।

चार्जिंग और मजबूती

इस इलेक्ट्रिक स्कूटर को 750 वॉट के चार्जर से चार्ज किया जा सकता है, जिससे यह करीब ढाई घंटे में 0 से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो जाता है। मजबूती के मामले में भी चेतक C25 को खास बनाया गया है। इसकी बॉडी प्लास्टिक के बजाय मेटल की है और बैटरी को IP67 रेटिंग दी गई है, जिससे यह वाटरप्रूफ बनती है।

स्मार्ट फीचर्स से लैस

फीचर्स की बात करें तो चेतक C25 में इको और स्पोर्ट्स राइडिंग मोड के साथ रिवर्स मोड भी दिया गया है। इसके अलावा ढलान पर स्कूटर को पीछे जाने से रोकने के लिए हिल होल्ड असिस्ट फीचर मौजूद है। सामान रखने के लिए इसमें 25 लीटर का अंडर-सीट स्टोरेज और मोबाइल चार्जिंग की सुविधा भी दी गई है। यह स्कूटर ब्लू, ब्लैक, रेड और व्हाइट समेत कुल छह रंगों में उपलब्ध है।

कीमत और अर्ली बर्ड ऑफर

ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए बजाज ने चेतक C25 पर अर्ली बर्ड ऑफर भी पेश किया है। इसके तहत पहले 10,000 ग्राहकों को 4,299 रुपये की छूट दी जा रही है। इस छूट के बाद दिल्ली में इसकी एक्स-शोरूम कीमत 87,100 रुपये हो जाती है। फिलहाल स्कूटर की डिलीवरी कुछ चुनिंदा शहरों में शुरू हुई है, जिसे जल्द ही पूरे देश में विस्तार दिया जाएगा।