# अंबिकापुर

College Admission: सरगुजा संभाग के सबसे बड़े कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया 1 जून से, स्नातक प्रथम सेमेस्टर के छात्र कर सकते हैं आवेदन

College Admission: सरगुजा संभाग के सबसे बड़े शासकीय कॉलेज में अन्य कक्षाओं में प्रवेश के लिए दिशा- निर्देश बाद में होंगे जारी, कला, विज्ञान, वाणिज्य समेत अन्य व्यवसायिक पाठ्यक्रम हैं संचालित

2 min read
Government PG College Ambikapur (Photo- Patrika)

अंबिकापुर। संभाग के सबसे बड़े एवं एकमात्र स्वशासी महाविद्यालय, राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया (College Admission) 1 जून से प्रारंभ कर दी गई है। महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रवेश संबंधी सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने की अपील की है। बता दें कि महाविद्यालय में कला, विज्ञान, वाणिज्य, कंप्यूटर एवं विधि सहित विभिन्न विषयों में स्नातक, स्नातकोत्तर और व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित हैं।

बता दें कि शासकीय पीजी कॉलेज अंबिकापुर में संभाग भर से काफी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ाई करने पहुंचते हैं। कॉलेज में व्यवसायिक पाठ्यक्रम संचालित होने की वजह से छात्रों का रूझान यहां रहता है। हॉस्टल की सुविधा भी दूर-दराज के छात्रों को उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा संभाग के सभी जिलों में शासकीय व प्राइवेट कॉलेज (Private colleges) संचालित हैं।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। महाविद्यालय (Rajeev Gandhi PG College Ambikapur) में आधुनिक प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, स्मार्ट कक्षाएं, खेल सुविधाएं, डिजिटल शिक्षण संसाधन तथा अनुभवी प्राध्यापकों का मार्गदर्शन उपलब्ध है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सिन्हा (College Principal) ने विद्यार्थियों से समय पर आवेदन कर अपने इच्छित पाठ्यक्रम में प्रवेश सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराते हुए रोजगारोन्मुख एवं समाजोपयोगी शिक्षा प्रदान करना है।

प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी महाविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों का अध्ययन कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश, मेरिट सूची, दस्तावेज सत्यापन एवं शुल्क जमा करने संबंधी जानकारी समय-समय पर महाविद्यालय की वेबसाइट (College website) और सूचना पट्ट पर प्रदर्शित की जाएगी।

College Admission: प्रथम सेमेस्टर में ही अभी मिलेगा प्रवेश

महाविद्यालय प्रशासन (College Administration) ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल सभी संकायों के स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। स्वशासी कक्षाओं के परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद अन्य कक्षाओं की प्रवेश प्रक्रिया एवं दिशा-निर्देश भी क्रमश: जारी किए जाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों और अभिभावकों से केवल महाविद्यालय द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।