Hemp Smuggling in Bus: अंबिकापुर से सूरजपुर की ओर जा रही बस में चढ़े थे करीब 20 महिला-पुरुष व बच्चे, वाहन चालक की सूचना पर स्थानीय लोगों ने रुकवाई थी बस, पुलिस ने ड्राइवर-हेल्पर को लिया हिरासत में
अंबिकापुर। अंबिकापुर से सूरजपुर की ओर जा रही एक लक्जरी बस (Hemp Smuggling in Bus) में करीब 20 महिला-पुरुष व बच्चे सफर कर रहे थे। उनके पास सामान के नाम पर साड़ी से बंधी कई गठरियां थीं। एक वाहन चालक की सूचना पर सूरजपुर जिले के सिलफिली निवासी लोगों ने बस को रुकवाया। बस रुकते ही उसमें से उतरकर कई महिला-पुरुष इधर-उधर भागने लगे। जब पुलिस पहुंची तो अधिकांश लोग भाग चुके थे। इसके बाद पुलिस ने जब गठरियों को खोलकर देखा तो उसमें गांजा बंधा हुआ था। पुलिस ने गांजा जब्त कर उसमें सवार लोगों की खोजबीन शुुरु कर दी है। जब्त गांजे की कीमत 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है। वहीं बस ड्राइवर-हेल्पर को हिरासत में लिया गया है।
नीलम बस (Neelam Bus) क्रमांक सीजी 15 ईएच- 4301 अंबिकापुर से कटनी के लिए निकली थी। इस दौरान अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ मार्ग पर काली घाट के पास संदिग्ध हालत में गठरियां व झाड़ू लेकर करीब 20 की संख्या में महिला-पुरुष व बच्चे चढ़े। इसी बीच जयनगर पुलिस को सूचना मिली कि बस में संदिग्ध हालत में कुछ लोग जा रहे हैं, उनके पास गांजा हो सकता है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने सिलफिली में स्थानीय लोगों की मदद से बस को रुकवाया। इसी बीच मौका पाकर उसमें सवार महिला-पुरुष फरार (Women-men smugglers escaped) हो गए। जब पुलिस बस में चढ़ी और गठरियों को खोलकर देखा तो उसमें 20 क्विंटल गांजा मिला। पुलिस ने गांजा जब्त कर लिया है।
जब्त गांजे की कीमत 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने बस के ड्राइवर व हेल्पर को हिरासत में लिया है, उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं पुलिस ने बस को जयनगर थाने में खड़ा करा दिया है।
विजय सोनी नामक वाहन चालक ने मामले की सूचना डायल 112 की टीम को दी थी। उसने बताया कि झाड़ू की आड़ में गठरियों के साथ उसने महिला-पुरुषों को बस में सफर करते देखा था। इसके बाद उसने जयनगर पुलिस को सूचना दी। जब तक पुलिस पहुंची वे फरार हो गए थे। उसने मामले (Hemp smuggling) में कार्रवाई की मांग की है।
उसका कहना है कि वह वाहन चलाता है, उसका भी एक वाहन मध्यप्रदेश में पकड़ा गया है। उसने बताया कि गांजे को मध्यप्रदेश के कटनी ले जाकर सप्लाई किया जाता है।