# अलवर

Alwar: नयाबास में आधी रात को आपस में भिड़े PG के छात्र, जमकर हुआ पथराव

अलवर शहर के नयाबास इलाके में सोमवार देर रात दो अलग-अलग पेइंग गेस्ट (PG) में रहने वाले छात्रों के बीच पत्थरबाजी हुई। एक मामूली बैग गायब होने के विवाद में दोनों गुटों ने आधी रात को सड़क पर जमकर पथराव किया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 17 हुड़दंगी छात्रों को गिरफ्तार कर लिया।

2 min read
पीजी के छात्रों में हुई पत्थरबाजी

अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र का नयाबास इलाके में सोमवार की रात जमकर बवाल हुआ। यहां पढ़ाई करने आए छात्र अचानक आपस में इस कदर भिड़ गए कि पूरी कॉलोनी में दहशत का माहौल बन गया। रात के करीब 12 बजे हुए इस बवाल के पीछे की वजह सिर्फ एक छात्र का बैग गायब होना बताया जा रहा है। इस छोटी सी बात ने ऐसा तूल पकड़ा कि दोनों तरफ के छात्र सड़कों पर उतर आए और एक-दूसरे पर पत्थरों की बरसात कर दी।

एक बैग की वजह से शुरू हुआ पूरा बवाल

जानकारी के अनुसार नयाबास की एक गली में स्थित दो पीजी में रहने वाले छात्रों के बीच यह पूरा विवाद हुआ। दरअसल एक पीजी में रहने वाले छात्र का बैग कहीं गायब हो गया था। पीड़ित छात्र को शक था कि पड़ोस के पीजी में रहने वाला कोई छात्र उसका बैग उठाकर ले गया है। इसी शक के आधार पर जब वह अपने कुछ दोस्तों को साथ लेकर दूसरे पीजी में पूछताछ करने पहुंचा, तो वहां मौजूद छात्रों से उसकी कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों की तरफ से बहस इतनी बढ़ी कि बात गाली-गलौज से होते हुए सीधे मारपीट तक पहुंच गई।

आधी रात को सड़क पर बरसे पत्थर, सहम गए लोग

देखते ही देखते दोनों पीजी के दर्जनों छात्र लाठी-डंडे लेकर आधी रात को करीब 11 बजे सड़क पर आ गए। इसके बाद दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। शांत रहने वाली इस रिहायशी कॉलोनी में अचानक हुए इस पथराव और चीख-पुकार से स्थानीय लोग सहम गए। पत्थरों की आवाज सुनकर लोग जाग गए और डर के मारे अपने-अपने घरों की खिड़की-दरवाजे बंद कर अंदर दुबक गए। इस दौरान कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई।


इस बीच किसी स्थानीय व्यक्ति ने तुरंत अरावली विहार थाना पुलिस को मामले की सूचना दी। दंगे की खबर मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस को देखकर हुड़दंग मचा रहे छात्र गलियों में भागने लगे। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और मौके से हंगामा कर रहे करीब 17 छात्रों को दबोच लिया। इन सभी को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के आने के बाद ही डरे हुए कॉलोनी वाले अपने घरों से बाहर आए और राहत की सांस ली। पुलिस अब इन छात्रों के परिजनों को सूचित कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।