अलवर के अखैपुरा मोहल्ले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दो बार तलाक होने के गम और मानसिक तनाव से जूझ रही एक 35 वर्षीय महिला ने ब्लेड से खुद को बुरी तरह काटकर आत्महत्या कर ली। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका।
दो बार तलाक होने के कारण मानसिक तनाव में आकर एक महिला ने ब्लेड से खुद को काटकर आत्महत्या कर ली। यह दुखद घटना सोमवार देर रात की है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 35 वर्षीय सीमा के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ समय से अलवर के अखैपुरा मोहल्ले में अपने पीहर (मायके) में रह रही थी। परिजनों के अनुसार दो शादियां टूटने के बाद से वह और मानसिक तनाव का सामना कर रही थी।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात को परिवार के सभी सदस्य रोजाना की तरह खाना खाकर सो गए थे। इसी दौरान देर रात मानसिक तनाव से घिरी सीमा ने ब्लेड से अपने पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार कर लिए। अत्यधिक खून बहने की वजह से वह लहूलुहान होकर तड़पने लगी। कुछ देर बाद जब परिवार के किसी सदस्य की आंख खुली, तो कमरे का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
सीमा गंभीर हालत में फर्श पर पड़ी हुई थी। घरवाले तुरंत आनन-फानन में उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की और तुरंत इलाज शुरू किया, लेकिन शरीर से बहुत ज्यादा खून बह जाने के कारण इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रशासन ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
परिजनों के अनुसार सीमा की जिंदगी में पिछले कुछ सालों में काफी उतार-चढ़ाव आए थे। उसकी पहली शादी जैसलमेर में हुई थी, लेकिन आपसी अनबन के कारण महज छह महीने में ही दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद परिवार ने उसकी दूसरी शादी जयपुर में कराई, लेकिन किस्मत ने वहां भी साथ नहीं दिया और कुछ समय बाद वहां से भी उसका तलाक हो गया।
दोनों बार घर उजड़ने के बाद सीमा पूरी तरह टूट चुकी थी और पिछले करीब साढ़े तीन साल से अलवर में अपने मायके में ही रह रही थी। बार-बार कोशिशों के बाद भी वह इस सामाजिक और मानसिक दर्द से उबर नहीं पा रही थी और लगातार गुमसुम रहने लगी थी। फिलहाल पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आत्महत्या के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।